Move to Jagran APP

MP Election 2018: कुसुम महदेले ने किया ऊषा ठाकुर का समर्थन

MP Election 2018 : ऊषा ठाकुर के बयान पर भाजपा नेता गोविंद मालू ने कहा कि 2013 में आपने मेरे साथ अन्याय किया था।

By Hemant UpadhyayEdited By: Published: Sun, 02 Dec 2018 07:59 PM (IST)Updated: Mon, 03 Dec 2018 07:41 AM (IST)
MP Election 2018: कुसुम महदेले ने किया ऊषा ठाकुर का समर्थन
MP Election 2018: कुसुम महदेले ने किया ऊषा ठाकुर का समर्थन

भोपाल। चुनाव परिणाम से पहले ही भाजपा में टिकट बदलने को लेकर सिर फुटौव्वल शुरू हो गई है। भीतरघात की शिकायतों के अलावा टिकट बदलने को लेकर ऊषा ठाकुर के आरोपों पर भी बवाल मचा हुआ है। भाजपा नेता आपस में ही विरोधाभासी बात कर रहे हैं।

loksabha election banner

एक तरफ अपना टिकट कटने से नाराज कुसुम महदेले ने ऊषा ठाकुर के समर्थन में ट्वीट कर कहा कि आपके साथ अन्याय हुआ है। दूसरी तरफ इंदौर-3 से टिकट के दावेदार रहे भाजपा नेता गोविंद मालू ने ऊषा ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किया है। वहीं ऊषा ठाकुर अपने बयान से पलट गई हैं।

उन्होंने रविवार को कहा कि मेरे साथ कोई अन्याय नहीं हुआ है। इधर, कांग्रेस को भाजपा पर हमले का बहाना मिल गया। पार्टी के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि ऊषा ठाकुर को यह स्पष्ट करना चाहिए कि कौन-कौन नेता वंशवाद की चपेट में हैं।

महदेले बोलीं, बेवजह छोड़नी पड़ी सीट

मंत्री कुसुम महदेले ने ऊषा ठाकुर के बयान का समर्थन किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'ऊषाजी, आपके साथ अन्याय हुआ है। बेवजह आपको अपनी विधानसभा इंदौर-3 छोड़कर महू जाना पड़ा। हमें आपके प्रति सहानुभूति है।" पन्ना से अपने टिकट कटने से महदेले नाराज चल रहीं हैं।

मालू ने कहा, तृप्त कार्यकर्ता पद और टिकट पाते हैं, फिर भी दुखी होते हैं

भाजपा नेता गोविंद मालू ने ऊषा ठाकुर के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि आपको 2013 का अन्याय नहीं दिखता, जो आपने मेरे साथ किया था। जो तृप्त कार्यकर्ता पद और टिकट दोनों पाते हैं, फिर भी दु:खी होते हैं। वही लोग पार्टी को सबोटेज (नुकसान पहुंचाना) करते हैं। बयानबाजी और बगावत करते हैं। क्या टिकट लेने के लिए लगातार अनुशासनहीनता का परमिट मिला है इन्हें। जिस कार्यकर्ता के साथ वाकई में अन्याय होता रहा, वह इनसे क्या सीख लेगा। उन्हें अपनी बात को पार्टी फोरम पर रखना चाहिए था।

मलैया बोले, कुसमरिया की जमानत जब्त होगी

इधर, वित्त मंत्री जयंत मलैया ने कहा है कि दमोह और पथरिया दोनों जगह से कुसमरिया की जमानत जब्त होगी। कुसमरिया ने दमोह से मलैया के खिलाफ चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा कि कुसमरिया ने नुकसान पहुंचाने की कोशिश जरूर की। माहौल का नुकसान हुआ पर अब सब ठीक है। नेता पार्टी से निकल जाते हैं तो उनका वजूद खत्म हो जाता है।

सीतासरन शर्मा ने कहा, धर्म युद्ध समझकर चुनाव लड़ा

होशंगाबाद सीट पर सरताज सिंह से मुकाबला कर रहे विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा ने कहा कि हमने धर्मयुद्ध समझकर महाभारत की तरह चुनाव लड़ा है। अपने उस्ताद के खिलाफ चुनाव लड़ते समय मन में थोड़ी पीड़ा थी।

ऊषा ठाकुर ने ऐसा कुछ नहीं कहा: प्रभात

मेरी ऊषा ठाकुर से बात हुई है। उनका कहना है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। जब वे खुद इस पर सफाई दे चुकी हैं, तब इस बारे में कुछ भी कहने के लिए नहीं बचता।

- प्रभात झा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.