MP Election 2018 विदिशा में भाजपा नेता पर दुष्कृत्य का मामला दर्ज, पार्टी ने किया निलंबित
MP Election 2018 पीड़िता का आरोप है कि फैमिली डॉक्टर होने के नाते उसका घर आना जाना था।
विदिशा। भाजपा नगर मीडिया सेल प्रभारी एवं पार्षद पति डॉ. पीयूष सक्सेना के खिलाफ शनिवार की रात एक युवती ने यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है।
पीड़िता का आरोप है कि फैमिली डॉक्टर होने के नाते उसका घर आना जाना था। वह करीब 8 साल से उसका शोषण कर रहा है। सिविल लाइंस ने आरोपित पर केस दर्ज कर लिया। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई। इस केस की जानकारी लगते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोपित को पार्टी से निलंबित कर दिया।
सिविल लाइंस टीआई निरंजन शर्मा ने पीड़िता की एफआईआर के हवाले से बताया कि वर्ष 2010 में जब वह कक्षा 10 की छात्रा थी, तबसे डॉ. सक्सेना ने उसे पढ़ाने के बहाने शोषण करना शुरु किया था। जबकि वह उसे चाचा बोलती थी।
आरोपित ने उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे। मैसेज भी करता रहता था। आरोपित की पत्नी को पता चला, तो पत्नी ने युवती से बात की। जिस पर युवती ने डॉक्टर से बात करना बंद कर दिया था। तब आरोपित डॉक्टर सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर उसे ब्लैकमेल करता था। इसी से त्रस्त होकर युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर आरोपित डॉक्टर के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज किया गया है।
पार्टी ने किया निलंबित
भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. राकेशसिंह जादौन ने बताया कि डॉ.पीयूष सक्सेना ने करीब चार साल पहले मोबाइल से मिस्ड कॉल करके भाजपा की सदस्यता ली थी। घटना सामने आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें निलंबित कर दिया। प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषणसिंह ने इस आशय का पत्र जारी कर दिया है।