MP Election 2018: मतदान के लिए 7500 दिव्यांगों के घर तक वाहन पहुंचाएगा प्रशासन
Madhya Pradesh Elections 2018: हर मतदाता का वोट महत्वपूर्ण होता है। इसलिए हर मतदाता को हर हाल में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इंदौर, विशाल राठौर। हर मतदाता का वोट महत्वपूर्ण होता है। इसलिए हर मतदाता को हर हाल में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सामान्य मतदाता आसानी से मताधिकार का उपयोग कर लेते हैं लेकिन अशक्त दिव्यांगों के लिए यह चुनौतीपूर्ण होता है। इनके लिए प्रशासन इस बार घर से लाने और छोड़ने तक की सुविधा दे रहा है। हर दिव्यांग के घर प्रशासन वाहन और सहायक कार्यकर्ता पहुंचाएगा। दिव्यांग, गर्भवती महिला मतदाताओं को एक पास दिया जाएगा। उन्हें लाइन में भी नहीं लगना होगा और प्राथमिकता के आधार पर वे मताधिकार का उपयोग कर सकेंगी।
सुगम्य योजना के तहत प्रदेश में पहली बार इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन और सत्यापन का दौर जारी है। योजना के नोडल अधिकारी अतुल पांडे ने बताया कि निर्वाचन आयोग की सुगम्य योजना में सामाजिक न्याय विभाग और जिला प्रशासन द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। अब तक 11000 दिव्यांग, गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया गया है। इनमें से 7500 ने मदद की आवश्यकता बताई है। इसी को ध्यान में रखकर प्रशासन सुविधा देने की तैयारी कर रहा है।