MP Election 2018: महिलाओं का समर्थन लेने पर भाजपा व कांग्रेस का फोकस
MP Election 2018: निर्वाचन आयोग के आंकड़ों की मानें तो कुछ केंद्र ऐसे भी थे, जहां 10 फीसदी पुरुष भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने नहीं पहुंचे।
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में इंदौर जिले के 347 मतदान केंद्रों पर मतदान के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे रही थीं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों की मानें तो कुछ केंद्र ऐसे भी थे, जहां 10 फीसदी पुरुष भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने नहीं पहुंचे। इन आंकड़ों को गंभीरता से लेते हुए इस चुनाव में भाजपा-कांग्रेस दोनों दल महिलाओं का समर्थन जुटाने में लगी हैं और उन पर फोकस किया जा रहा है। दलों की महिला इकाइयों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
पिछले विधानसभा चुनाव में इंदौर की नौ सीटों के लिए 2279 मतदान केंद्र पर मतदान हुआ था। इसमें से 347 केंद्रों में महिलाएं आगे रहीं। इस लिहाज से 15 फीसदी केंद्रों पर महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। खास बात यह है कि विधानसभा क्षेत्र क्र. 2 में 77 केंद्रों पर महिलाओं का प्रतिशत अधिक था, जबकि महिला प्रत्याशी वाले विधानसभा क्षेत्र-3 में 24 और विधानसभा-4 में 27 फीसदी महिलाएं वोट डालने केंद्रों तक पहुंचीं। वहीं 2013 में चुनाव के दौरान जिलेभर में 70 फीसदी मतदान हुआ था, जिसमें पुरुषों का 72.61 और महिलाओं का 68.43 प्रतिशत रहा।
हर ब्लॉक में हो रही महिलाओं की बैठक
महिलाओं का समर्थन पाने के लिए राजनीतिक दलों ने अलग-अलग रणनीति बना रखी है। भाजपा महिला पार्षद व महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की मदद ले रही है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता ब्लॉक स्तर पर महिलाओं की बैठक आयोजित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, दोनों दलों के प्रत्याशियों की महिला व रिश्तेदार भी इस काम में जुटी हुई हैं।