Madhya Pradesh : बसपा उपाध्यक्ष ने पूछे हार के कारण, कमियां दूर करने के दिए टिप्स
Madhya Pradesh : संगठन को सशक्त बनाने और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा।
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में हड़कंप की स्थिति है। नतीजों के तुरंत बाद प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की छुट्टी करने के बाद बसपा सुप्रीमो ने अपने दूत के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामजी गौतम को हार के कारणों को खोजने मप्र भेजा है। गौतम ने सोमवार को भोपाल जोन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में विचार-विमर्श किया।
प्रदेश कार्यालय में शाम तक चली बैठक में बसपा नेताओं ने चुनाव के दौरान की गई व्यवस्थाओं का ब्योरा लिया। साथ ही संगठन की कमियां दुरुस्त करने के बारे में टिप्स भी दिए। गौतम के साथ प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष डीपी चौधरी भी मौजूद थे। भोपाल जोन के पदाधिकारियों ने अपने यहां संगठन की मौजूदा व्यवस्थाओं का ब्योरा दिया। इस अवसर पर लोकसभा चुनाव की तैयारी और संगठन को सशक्त बनाने पर भी विचार मंथन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि संगठन की कमियों को दुरुस्त करने की कवायद चल रही है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने भोपाल के अलावा ग्वालियर, रीवा एवं जबलपुर जोन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक हासिल कर लिया है। अब भोपाल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की गई है।
इस अवसर पर जियालाल, रामकृष्ण अहिरवार, कुंवर सिंह नागर एवं मनोज रजक आदि को बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद अब उज्जैन और इंदौर जोन के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा।