भोपाल [नईदुनिया]। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) में इन दिनों नियुक्तियां हो रही हैं, लेकिन उसे इसकी भनक तक नहीं है। खास बात यह है कि नियुक्तियां सीधे दिल्ली से हो रही हैं। हाल ही में दो नेताओं के पास नियुक्ति पत्र पहुंचे और एक को नियुक्ति पत्र भेजने के लिए फोन पहुंचा है। लिहाजा इन नियुक्तियों को लेकर पीसीसी गफलत में है।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के तीन नेताओं प्रताप भानु शर्मा, अकबर बेग और वीरेंद्र द्विवेदी की नियुक्तियां हुई हैं। इनमें से पूर्व सांसद शर्मा व बेग की नियुक्तियों के पत्र जारी होने की जानकारी है तो द्विवेदी को नियुक्ति पत्र भेजने के लिए फोन किया गया है। उपाध्यक्ष बनाए गए शर्मा, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरोधी माने जाते हैं। वहीं, सचिव बनाए गए बेग पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव का विरोध करते रहे हैं।
पूर्व सांसद शर्मा ने बताया कि उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने नई जिम्मेदारी दी है। इससे क्षेत्र के लोगों में उत्साह है और वे संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। बेग का नियुक्ति आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जबकि द्विवेदी ने बताया कि उन्हें प्रदेश सचिव बनाया गया है। नियुक्ति पत्र भेजने के लिए उनसे डाक का पता मांगा गया था। द्विवेदी ने बताया कि अभी उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला है।
कोई सूची नहीं मिली अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति का कोई आदेश या सूची मुझे नहीं मिली है। न ही पीसीसी ने किसी नेता को किसी पद पर नियुक्ति दी है। - चंद्रप्रभाष शेखर, संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष, मप्र पीसीसी