भोपाल में राहुल गांधी के कार्यक्रम में खामियां, हाईकमान तक पहुंची शिकायतें
राहुल गांधी भोपाल में पार्टी के विधानसभा चुनाव अभियान का शंखनाद कर लौट गए हैं, लेकिन उसमें सामने आई खामियों की शिकायतें हाईकमान तक पहुंच गई हैं।
भोपाल (नईदुनिया) कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल में पार्टी के विधानसभा चुनाव अभियान का शंखनाद कर लौट गए हैं, लेकिन उसमें सामने आई खामियों की शिकायतें हाईकमान तक पहुंच गई हैं। अब ये कमियां 27 और 28 सितंबर को राहुल गांधी के दूसरे दौरे में दूर करने की कोशिशें की जाएंगी। हालांकि राहुल की सभा में खामियों और उन्हें दूर करने के फीडबैक को लेकर मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि आयोजन पूरी तरह सफल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रदेश में चुनावी दौरों को कामयाब बनाने के लिए पार्टी द्वारा आंतरिक रूप से फीडबैक लिया जा रहा है। इसमें तमाम व्यवस्थाओं और संचालन के बिंदुओं को शामिल किया गया है। कार्यकर्ताओं के साथ हुए कांग्रेस अध्यक्ष के संवाद में प्रोफेशनल उद्घोषक के नहीं होने से गुटीय संतुलन नहीं बैठ सका।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के मंच की दूरी ज्यादा होने से स्क्रीन लगाने की जो व्यवस्था की गई थी, उसको लेकर कार्यकर्ताओं की शिकायतें थीं। आगे ही स्क्रीन लगा दी गई थी, जिससे मंच का नजारा लोगों को दिखाई नहीं दिया। आयोजन स्थल पर ऊंची बल्लियां लगा दी गई थीं, जिससे दूसरे सेक्टर में ही बैठे लोगों को मंच नहीं दिखाई दिया। वीआइपी गेट पर भीड़ एकत्रित हो जाने से विधायक, पूर्व विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों को अपने नियत स्थान तक पहुंचने में जद्दोजहद करनी पड़ी।