गुना में रन फॉर यूनिटी में ऑटो पर भाजपा का झंडा लगा होने पर विवाद
पारीक ने एडीएम को फोन कर कहा कि आप किन-किन को भेज देते हो?
गुना। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने बुधवार को सुबह रन फॉर यूनिटी का आयोजन कि या। इसमें ऑटो पर लगे झंडे की अनुमति मांगने पर भाजपा के जिला अध्यक्ष राधेश्याम पारीक का पुलिस से विवाद हो गया।
पारीक ने एडीएम को फोन कर कहा कि आप किन-किन को भेज देते हो? पारीक यहीं नहीं रुके , उन्होंने तो एडीएम से यहां तक कह दिया कि ऑटो में झंडा नहीं लगाएंगे, तो क्या सत्यनारायण की कथा करेंगे? आप इनको समझाओ।
इसके बाद एडीएम की सब इंस्पेक्टर गोविंद यादव से बात कराई। हालांकि भाजपा नेताओं के पास इस आयोजन की अनुमति थी। बाद में उन्होंने अनुमति का पत्र भी पुलिस अधिकारियों को दिखाया। पुलिस ने अपर कलेक्टर और एसडीएम से चर्चा के बाद ऑटो को जाने दिया।
इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल किया गया था। रन फॉर यूनिटी मंगलवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे नजूल कॉलोनी के मंदिर से शास्त्री पार्क तक निकाली गई। रैली में ऑटो पर भाजपा का झंडा लगा था। ऑटो पर झंडा देखकर यहां सब इंस्पेक्टर गोविंद यादव ने रोका।
नेताओं ने कहा कि हमारे पास अनुमति है। इसी को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम पारीक और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। इधर पुलिस सब इंस्पेक्टर गोविंद यादव का कहना है कि अनुमति को लेकर कुछ कन्फ्यूजन हो गया था।
एडीएम से बात करने के बाद वह क्लियर हो गया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारीक ने बताया पुलिस यह कह रही थी कि झंडा नहीं लगा सकते हैं, झंडा नहीं लगाएंगे, तो मतलब क्या हुआ। अधिकारी ढंग के तो आ जाते हैं, उनको सामान्य ज्ञान नहीं होता।