तेरह साल बाद कांग्रेस के दिग्गजों ने एक मंच से बोला शिवराज पर हमला
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद हैं।
नईदुनिया, भोपाल। सत्ता से बाहर होने के 13 साल बाद पहली बार कांग्रेस के सारे दिग्गज नेता भाजपा की शिवराज सरकार के खिलाफ हल्ला बोलने के लिए एक मंच पर इकठ्ठे हुए। सारे नेताओं ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला।
राजधानी के टीनशेड पर बुधवार को हुई सभा के बाद दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी, मोहन प्रकाश, विवेक तन्खा, अरण यादव, कांतिलाल भूरिया सहित अन्य नेताओं ने गिरफ्तारी दी। ये सभी नेता सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विधानसभा घेराव के लिए जा रहे थे। नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस लाईन में बनाई अस्थाई जेल ले जाया गया, जहां औपचारिकताओं के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
नेताओं ने दावा किया कि 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि व्यापम घोटाले, रेत के अवैध उत्खनन और कुपोषण यानी गरीब बच्चों के पोषण आहार की बंदरबाट के भ्रष्टाचार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और उनका परिवार शामिल है। अगर आरोप गलत हैं तो मेरे खिलाफ शिवराज अदालत में जाएं। वहीं कमलनाथ ने कहा कि ये भीड़ ठेके या कमीशन के लिए नहीं आई और न ही ये लाई हुई भीड़ है। ये किसानों, मजदूरों, नौजवानों, बेरोजगारों, सरकारी कर्मचारियों की आवाज उठाने आई है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को बरबाद कर दिया है। प्रदेश को नीलाम कर दिया है।
पढ़ेंः ...ये है केरल पुलिस जो कंधे पर हाथ रखने पर दर्ज करती है मुकदमा