LokSabha Election 2019: मास्टर ट्रेनरों को मिला प्रशिक्षण, अब सेक्टर दंडाधिकारियों की बारी
प्रशिक्षण सत्र में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी-सह-एडीएम (विधि-व्यवस्था) राकेश दुबे ने बताया कि निर्वाचन कार्य संपन्न कराने में सेक्टर पदाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
धनबाद, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को पीके राय मेमोरियल कॉलेज सभागार में जिले के कुल 71 मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण-सह-ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया। सेक्टर पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं मतदान दल पदाधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण समाप्त हो चुका है। शनिवार से सेक्टर पदाधिकारियों समेत अन्य पदाधिकारियोंका अगले चरण का प्रशिक्षण प्रारंभ होगा। पीके राय केंद्र के कुल 11 कमरों में 286 सेक्टर पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी-सह-एडीएम (विधि-व्यवस्था) राकेश दुबे ने बताया कि निर्वाचन कार्य संपन्न कराने में सेक्टर पदाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। 10-12 बूथों के लिए बनाए गए ऐसे पदाधिकारी को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था भी बखूबी निभानी है।
उप निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने मॉक पोल, मशीन में खराबी होने पर उसे बदले जाने की परिस्थितियों तथा विभिन्न प्रपत्रों के बारे में मास्टर ट्रेनरों को जानकारी दी। मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सेक्टर पदाधिकारी के कर्तव्यों, मतदान के दिन के पूर्व के कार्यों, मतदान के दिन के कार्यों, बूथ के लिए न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं आदि की जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र में जिला पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रजीत सिंह, अंचलाधिकारी पुटकी सुरेंद्र कुमार, प्रशिक्षक संजय कुमार, राजकुमार वर्मा, कुमार वंदन, मुमताज, नीरज कुमार मिश्र, अनिल कुमार झा, अजित कुमार उपस्थित थे।