Move to Jagran APP

छठे चरण में 7 राज्यों में 59 सीटों पर पड़े वोट, 63.48 फीसद मतदान, बंगाल सबसे आगे, यूपी सबसे पीछे

चुनावी हिंसा के बीच पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। यहां भाजपा प्रत्याशी पर दो बार हमला किया गया।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Mon, 13 May 2019 01:36 AM (IST)Updated: Mon, 13 May 2019 08:56 AM (IST)
छठे चरण में 7 राज्यों में 59 सीटों पर पड़े वोट, 63.48 फीसद मतदान, बंगाल सबसे आगे, यूपी सबसे पीछे
छठे चरण में 7 राज्यों में 59 सीटों पर पड़े वोट, 63.48 फीसद मतदान, बंगाल सबसे आगे, यूपी सबसे पीछे

जेएनएन, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और छह राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए 63.48 फीसद मतदान हुआ। चुनावी हिंसा के बीच पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। यहां भाजपा प्रत्याशी पर दो बार हमला किया गया। दो लोगों के शव मिले हैं, इसमें से एक शव शनिवार रात और दूसरा शव रविवार सुबह मतदान से पूर्व बरामद किया गया। वहीं, बिहार में भी भाजपा प्रत्याशी पर हमला हुआ, जबकि उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक और उनके समर्थकों ने चुनाव अधिकारी को पीट दिया। अन्य जगहों पर आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

loksabha election banner

छठे चरण के मतदान के साथ ही लोकसभा की 543 सीटों में से 483 सीटों के लिए मतदान खत्म हो गया है। आखिरी चरण में 19 मई को 59 सीटों पर मतदान होगा, तमिलनाडु में एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है। 23 मई को मतगणना होगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 80.34 फीसद मतदान दर्ज किया गया है। यहां आठ सीटों के लिए मतदान हुआ। राज्य में हिंसा बदस्तूर जारी रही। घाटल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारती घोष पर केशपुर क्षेत्र में दो मतदान केंद्रों पर दो बार हमला किया गया, जिसमें उन्हें मामूली चोट भी आई। उनके काफिले पर बम फेंकने के साथ ही पथराव भी किया गया। झारग्राम समेत राज्य के कई क्षेत्रों में हिंसक और मारपीट की घटनाएं हुईं। वहीं, बिहार के पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर भी हमला किया गया।

उत्तर प्रदेश के भदोही लोकसभा सीट के औराई विधानसक्षा क्षेत्र में भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर और उनके समर्थकों पर पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट का आरोप लगा। पीठासीन अधिकारी पर जानबूझ कर धीमा मतदान कराने का आरोप लगाया गया। चुनाव आयोग ने इस घटना की रिपोर्ट तलब की है।

कहां कितना मतदान

राज्य        सीट           मतदान (फीसद)

प. बंगाल     8             80.34

दिल्ली         7             60.37

उप्र           14             54.12

बिहार           8            59.38

हरियाणा      10            67.40

मप्र               8           61.12

झारखंड          4           64.46

दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद

छठे चरण में केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, मेनका गांधी, राधामोहन सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, प्रज्ञा ठाकुर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो गई है।

राष्ट्रपति समेत कई नामचीन ने डाले वोट

छठे चरण में कई नामचीन हस्तियों ने भी मतदान किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत कई अन्य गणमान्य लोगों ने वोट डाले। कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी आई। मॉक पोल के बाद 5.5 फीसद ईवीएम बदले गए।

दिल्ली के सबसे वरिष्ठ मतदाता 111 वर्षीय बचन सिंह ने पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर में वोट डाला।

हरियाणा में लोकतंत्र के महायज्ञ में मतों की पूर्ण आहुति
- छिटपुट घटनाओं को छोड़ शांतिपूर्ण रहा चुनाव,

-बुजुर्गो के कदम नहीं रोक पाई ढलती उम्र,

-सूरज की गरमी पर भारी पड़ा युवाओं का जोश,

- सीएम मनोहर लाल के गांव निंदाना में ईवीएम की खराबी के चलते दस बजे शुरू हुई वोटिंग।

हरियाणा में तमाम तरह की आशंकाओं के बीच लोकतंत्र का महायज्ञ निर्विघ्न संपन्न हो गया। न सूर्यदेव के तीखे तेवर युवा मतदाताओं का जोश कम कर सके और न ढलती उम्र बुजुर्गो के कदम पोलिंग बूथों की ओर बढ़ने से रोक पाई। वर्ष 2014 में हुई 71.86 फीसद वोटिंग के मुकाबले हालांकि इस बार 69.89 फीसद ही मतदान हो पायाा। दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान में हुए मतदान का प्रतिशत अंतिम गणना में और बढ़ने की संभावना है। प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला 23 मई को आएगा।

प्रदेश में छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो कहीं कोई बड़ी वारदात नहीं हुई। रविवार को अवकाश के दिन सुबह सात बजे वोटिंग से पहले ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। दोपहर में भीषण गर्मी के चलते रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन शाम होते-होते फिर से रफ्तार पकड़ गई। कई स्थानों पर सात बजे तक मतदान हुआ। बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों ने पहले मतदान किया और फिर शादी के बंधन में बंधे।

जोश से लबरेज युवाओं में अंगुली पर स्याही का निशान दिखाकर सोशल साइट पर फोटो डालने का खासा क्रेज रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट (वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) मशीनों में खराबी के चलते सुबह मतदान शुरू होने में दिक्कत आई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के गांव निंदाना में ईवीएम खराब होने से मतदान दस बजे शुरू हो पाया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.