Loksabha Election 2019 : लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए हर किसी ने दिखाया उत्साह
घरों से निकलकर मतदाता बूथों पर पहुंचते रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया।
कानपुर, जेएनएन। लोकतंत्र के महापर्व पर हर किसी सहभागिता जरूरी है। इसी दायित्व का निर्वाहन करने के लिए सोमवार को बुंदेलों ने सुबह से ही उत्साह दिखाया है। मतदाता घरों से बाहर निकलकर वोट करने पहुंच रहे हैं। वहीं लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्याशी, विधायकों के अलावा प्रशासनिक अफसर भी पीछे नहीं हैं। आदर्श बूथों पर पहले मतदान करने के लिए महिलाओं में खासी होड़ रही।
बांदा लोकसभा क्षेत्र के चित्रकूट में एएसपी ने पत्नी के साथ मतदान किया। सोनपुर कलेक्ट्रेट रोड पर बने मॉडल बूथ पर सुबह सुबह अपर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट बलवंत चौधरी और उनकी पत्नी सीमा चौधरी पहुंची। यहां पर एएसपी की पत्नी ने पहला वोट डाला तो उन्हें प्रमाण पत्र भी दिया गया। उन्होंने कहा कि वोट डालने के लिए हर महिला घर से बाहर निकले। जेएम बालिका इंटर कालेज के बूथ संख्या 415 में बुंदेली सेना के जिला महासचिव जानकी शरण गुप्ता ने वोट डालकर बुंदेलों को मतदान फीसद बढ़ाने के लिए उत्साहित किया।
बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी ने भी बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। मतदान केंद्र के बाहर आकर उन्होंने मतदान जरूर करने के लिए अपील की।
भाजपा प्रत्याशी आरके पटेल ने भी मतदान केंद्र पर सुबह पहले वोट डाला। वह सुबह चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के कर्वीे मुख्यालय स्थित बीआरसी मतदान केंद्र पर पहुंचे। वोट डालने के बाद वह अपने समर्थकों के साथ निकले। बूथ पर कुछ देर उन्होंने अपने एजेंट से भी बातचीत की।
समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी बाल कुमार पटेल ने भी मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के देवकली गांव पहुंच कर मताधिकार का प्रयोग किया। बूथ से बाहर आने के बाद उन्होंने अंगुली पर निशान दिखाते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान को जरूरी बताया।
आर्दश बूथों पर मतदान के लिए वोटरों की कतार लगी रही। मताधिकार का प्रयोग के बाद बाहर निकलने पर मतदताओं ने अंगुली का निशान दिखाकर लोकतंत्र की मजबूती का आह्वान किया। होली चिल्ड्रन में पहले वोटर का स्वागत किया गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप