Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019: बंगाल में हिंसा के बावजूद सबसे ज्यादा मतदान, दिल्ली में नहीं दिखा वोटरों में जोश

नई दिल्ली में रविवार को सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी मतदान किया। इसके बाद तीनों ने ही चार अंगुलियां दिखाई जिसमें एक पर स्याही लगी थी।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Sun, 12 May 2019 09:02 PM (IST)Updated: Sun, 12 May 2019 09:02 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019:  बंगाल में हिंसा के बावजूद सबसे ज्यादा मतदान, दिल्ली में नहीं दिखा वोटरों में जोश
Lok Sabha Election 2019: बंगाल में हिंसा के बावजूद सबसे ज्यादा मतदान, दिल्ली में नहीं दिखा वोटरों में जोश

नई दिल्ली, ( जेएनएन )। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और छह राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए 63.3 फीसद मतदान हुआ। भारी हिंसा के बीच पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। यहां भाजपा प्रत्याशी पर दो बार हमला किया गया, जबकि एक की हत्या कर दी गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के भदोही में एक चुनाव अधिकारी को भाजपा विधायक और उनके समर्थकों द्वारा कथित रूप से पीट दिया गया। अन्य जगहों पर आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

loksabha election banner

छठे चरण के मतदान के साथ ही लोकसभा की 543 सीटों में से 483 सीटों के लिए मतदान खत्म हो गया है। आखिरी चरण में 19 मई को 59 सीटों पर मतदान होगा, तमिलनाडु में एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है। 23 मई को मतगणना होगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 80 फीसद मतदान दर्ज किया गया है। यहां आठ सीटों के लिए मतदान हुआ। राज्य में हिंसा बदस्तूर जारी रही। घाटल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारती घोष पर केशपुर क्षेत्र में दो मतदान केंद्रों पर दो बार हमला किया गया, जिसमें उन्हें मामूली चोट भी आई। उनके काफिले पर बम फेंकने के साथ ही पथराव भी किया गया। झारग्राम में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। राज्य के अन्य कई क्षेत्रों में भी हिंसक वारदातें हुईं।

उत्तर प्रदेश के भदोही लोकसभा सीट के औराई विधानसक्षा क्षेत्र में भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर और उनके समर्थकों पर पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट का आरोप लगा। पीठासीन अधिकारी पर जानबूझ कर धीमा मतदान कराने का आरोप लगाया गया। चुनाव आयोग ने इस घटना की रिपोर्ट तलब की है।

चुनाव आयोग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सातों सीटों के लिए 60 फीसद मतदान हुआ, जबकि 2014 में यहां 65 फीसद मतदान हुआ था। इस चरण में सर्वाधिक 14 सीटें उप्र की थीं, जहां 54.12 फीसद मतदान हुआ। बिहार में आठ सीटों के लिए 59.38 फीसद मतदान दर्ज किया गया। हरियाणा में 10 सीटों के लिए 66.30 फीसद, झारखंड में चार सीटों के लिए 64.46 फीसद और मध्य प्रदेश में आठ सीटों के लिए 61.12 फीसद मतदान हुआ।

दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद
छठे चरण में केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, मेनका गांधी, राधामोहन सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, प्रज्ञा ठाकुर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो गई है।

राष्ट्रपति समेत कई नामचीन ने डाले वोट
छठे चरण में कई नामचीन हस्तियों ने भी मतदान किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत कई अन्य गणमान्य लोगों ने वोट डाले। कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी आई। मॉक पोल के बाद 5.5 फीसद ईवीएम बदले गए। दिल्ली के सबसे वरिष्ठ मतदाता 111 वर्षीय बचन सिंह ने पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर में वोट डाला।

पश्चिम बंगाल : हिंसक वारदातें

- आदिवासी क्षेत्र झारग्राम में मतदान शुरू होने से पहले ही एक भाजपाई कार्यकर्ता की हत्या।

- पूर्वी मिदनापुर के कांठी में तृकां के दो कार्यकर्ताओं को गोली मारी।

- मिदनापुर में तृकां के चार कार्यकर्ताओं पर धारदार हथियार से हमला, एक गंभीर।

-बेल्दा में तृकां दफ्तर में तोड़फोड़, चार कार्यकर्ता घायल।

-दातन में दलीय संघर्ष, भाजपा के कई कार्यकर्ता जख्मी।

-पश्चिमी मिदनापुर के घाटल संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार भारती घोष को केशपुर में एक बूथ पर जाने से तृकां कार्यकर्ताओं ने रोका। बाद में उनके काफिले पर पथराव। कुछ गाड़ियों को नुकसान।

-भारती के सुरक्षा गार्ड ने हालात काबू में करने को हवाई फायरिंग की।

दिल्ली : राष्ट्रपति समेत कई नामचीन ने डाले वोट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई अन्य गणमान्य लोगों ने वोट डाले।

-कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी आई। मॉक पोल के बाद 5.5 फीसद ईवीएम बदले गए।

-दिल्ली के सबसे वरिष्ठ मतदाता 111 वर्षीय बचन सिंह ने पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर में वोट डाला।

उप्र : सपा की शिकायत पर एक निर्वाचन अधिकारी को हटाया

--आजमगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद एक निर्वाचन अधिकारी को हटा दिया गया।

--कुछ जगहों से ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायतें।

बिहार : शिवहर में एक पोलिंग अफसर की मौत

--शिवहर संसदीय क्षेत्र में मतदान शुरू होने से पहले एक बूथ पर होमगार्ड के जवान से दुर्घटनावश गोली चल जाने से एक पोलिंग अधिकारी की मौत हो गई।

हरियाणा : रोहतक के विधायक पर वोटरों को धमकाने का आरोप

रोहतक में कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्थानीय विधायक एवं मंत्री मनीष ग्रोवर पर वोटरों को धमकाने तथा पोलिंग बूथ में जबर्दस्ती घुसने का आरोप लगाया। हालांकि ग्रोवर ने आरोपों से इनकार किया।

--क्रिकेटर विराट कोहली ने गुरग्राम में वोट डाला।

--करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक के किलोई में वोट डाला।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.