Lok Sabha Election 2019 : सिंहभूम में मतदान में महिला वोटरों ने दिखाया उत्साह
Lok Sabha Election 2019. सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में मतदान में महिलाओं की भागीदारी गौर करनेवाली रही।
नोवामुंडी, परमानंद गोप। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सिंहभूम संसदीय क्षेत्र नोवामुंडी प्रखंड के बूथों पर जमकर वोट बरसे। संसदीय क्षेत्र नोवामुंडी प्रखंड के 98 बूथ केंद्रों में कुल 74034 मतदाताओं में 48348 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां 37367 पुरुष मतदाताओं में से 23791 व 36667 महिला वोटरों में से 24557 वोटरों ने अपने वोट डाले।
बूथ संचालन के लिए 12 क्लस्टर बने थे। चुनाव के दौरान मौसम के मिजाज पर वोटरों का उत्साह भारी पड़ते स्पष्ट दिख रहा था। चुनाव में हिस्सा लेने के लिए मतदाता सुबह से ही संबंधित बूथ केंद्रों में कतार में खड़े हो गए थे। कहीं पर ईवीएम मशीन की गड़बड़ी से वोटिंग होने में विलंब हुई तो कहीं पर समय के अनुरूप वोटिंग शुरू हुई। नोवामुंडी प्रखंड में कुल 98 बूथ केंद्र बनाए गए थे। पदापहाड़ बूथ केंद्र संख्या 132 की ईवीएम मशीन में गड़बड़ी होने के कारण डेढ़ घंटे विलंब से वोटिंग शुरू हुई। वोटिंग प्रक्रिया शुरू होने के बाद 10 से 12 वोटर वोट डालने के बाद ईवीएम दोबारा खराब हुई। जिससे वहां दूसरी ईवीएम मशीन भेजकर वोटिंग शुरू कराई गई। महुदी बूथ केंद्र में भी ईबीएम मशीन बदलने के बाद वोटिंग शुरू हुई।
यदि हम वोट बहिष्कार कर चुके बेतेरकिया बूथ केंद्र 89 की बात करें तो पहले मतदाताओं ने सुबह बेतेरकिया बूथ केंद्र परिसर पर वोट बहिष्कार की घोषणा कर घर लौट चुके थे। बाद में नोवामुंडी व गुवा के प्रशासनिक अधिकारियों के प्रयास से 1 बजकर 45 मिनट पर मतदाताओं को गाड़ी से दुधबिला बूथ केंद्र तक ले जाकर वोटिंग कराया गया। निर्धारित समय सीमा के भीतर 720 मतदाताओं में से 462 मतदाताओं ने वोट डाले। जिसमें पुरुष 224 व 248 महिला मतादाता शामिल थे। वैसे तो दुधबिला उत्क्रमित हाई स्कूल में 5 बूथ केंद्र बनाए गए थे। बूथ संख्या 81 में 421, 86 में 215, 87 में 697, 88 में 266 वोट पड़े। चुनाव के दौरान वोटरों में अधिक उत्साह ग्रामीण क्षेत्रों की अपेक्षा शहरी क्षेत्र की अधिक रहा। बड़ाजामदा मिडिल स्कूल बूथ संख्या 63, नयागांव प्राथमिक स्कूल बूथ केंद्र संख्या 68 व 69 में भी ईवीएम मशीन की गड़बड़ी होने के कारण एक घंटे देर से वोटिंग शुरू हुई। इसबार दिव्यांगों ने भी चुनाव में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप