Lok Sabha Election 2019 : जमशेदपुर संसदीय सीट पर पिछली बार से अधिक वोटिंग
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर संसदीय सीट का कुल मतदान 00.59 प्रतिशत और बढ़ गया है। जमशेदपुर संसदीय सीट पर इस बार 67.19 फीसद मतदान हुआ है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019 लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद सभी विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम जमशेदपुर के कोऑपरेटिव कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में जमा हो गए हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों आंकड़े आने के बाद अब जमशेदपुर संसदीय सीट का कुल मतदान 00.59 प्रतिशत और बढ़ गया है। जमशेदपुर संसदीय सीट पर इस बार 67.19 फीसद मतदान हुआ है। पूरे संसदीय सीट के 17 लाख एक हजार 342 वोटरों में से 11 लाख 43 हजार 54 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है।
2014 में हुए लोकसभा चुनाव (66.38 फीसद) की तुलना में इस बार 00.81 फीसद वोटिंग बढ़ी है। सबसे ज्यादा तादाद में वोट डालने का रिकार्ड बहरागोड़ा के लोगों ने बरकरार रखा है जबकि, जमशेदपुर पश्चिम के कम लोग वोट डालने निकले हैं। इस साल भी ग्रामीण इलाके के लोगों ने रिकार्ड वोटिंग की है। 12 मई की शाम तो जितने बूथों के आंकड़े जिला प्रशासन को मिले थे उनके अनुसार सर्वाधिक मतदान पोटका विधानसभा क्षेत्र में हुआ था। लेकिन, अंतिम आंकड़े आने के बाद सर्वाधिक वोटिंग के मामले में बहरागोड़ा विधानसभा आगे हो गया है। बहरागोड़ा ने इस बार अपना मतदान प्रतिशत भी बढ़ाया है। बहरागोड़ा में इस बार 2.63 फीसद अधिक वोटिंग हुई है।
घाटशिला में बरसे वोट
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में भी इस बार पिछले चुनाव की तुलना में खूब वोट बरसे हैं। यहां 2014 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 7.30 फीसद अधिक वोट डाले गए हैं। पोटका विधानसभा क्षेत्र भी मतदान के मामले में पीछे नहीं रहा है। यहां बागबेड़ा के शहर से सटे एक बड़े इलाके में भयंकर मतदान हुआ है। इस वजह से पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में पोटका में 2.67 फीसद अधिक वोटिंग हुई है। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में भी मतों का प्रतिशत ठीक-ठाक रहा है। जुगसलाई में दोपहर बाद दो बजे से बवाल होने के बाद भी इस विधानसभा क्षेत्र में पिछले चुनाव की तुलना में 00.74 फीसद अधिक मत पड़े हैं। वोटिंग के मामले में इस चुनाव में भी शहरी पिछड़ गए हैं। जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी दोनों विधानसभाओं में कम वोट पड़े हैं। जमशेदपुर पूर्वी में पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में 2.67 फीसद और जमशेदपुर पश्चिम में 2.03 फीसद कम वोट पड़े हैं।
कहां कितना मतदान
क्षेत्र, 2019, 2014
बहरागोड़ा-78.19, 75.56
घाटशिला-74.55, 67.25
पोटका- 72.14, 69.47
जुगसलाई-69.57, 70.31
जमशेदपुर पूर्वी-58.80, 61.47
जमशेदपुर पश्चिम-55.95, 57.98
जमशेदपुर संसदीय सीट पर कुल वोटर- 17 लाख एक हजार 342
कुल कितने मतदाताओं ने डाले वोट -- 11 लाख 43 हजार 54
विधानसभा वार वोटिंग का आंकड़ा
कुल वोटर, वोट पड़े
बहरागोड़ा-220938, 172758
घाटशिला- 238475, 177779
पोटका -- 282810, 204007
जुगसलाई-318796, 221775
जमशेदपुर पूर्वी- 297053, 174675
जमशेदपुर पश्चिमी-343270,192060
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप