Lok Sabha Election 2019: राजद का बड़ा कुनबा भाजपा के संपर्क में, टूट की अटकलें
Lok Sabha Election 2019. राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी चतरा से दो बार विधायक रह चुके जनार्दन पासवान और छतरपुर से विधायक रहे मनोज भुइयां का दल बदलने का सुर्रा तेज है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - प्रदेश राजद अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने की चर्चा अभी थमी नहीं है। इस बीच चतरा से दो बार विधायक रह चुके जनार्दन पासवान और छतरपुर से विधायक रहे मनोज भुइयां का दल बदलने का सुर्रा तेज हो उठा है। भाजपा के स्तर से जिन तीन सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है, उनमें कोडरमा भी शामिल है। ऐसे में अन्नपूर्णा के भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
अलबत्ता उन्होंने इस तरह की बातों को पिछले दिनों सिरे से खारिज किया था। इस बीच राजद के प्रधान महासचिव संजय यादव ने राजद नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि प्रदेश राजद अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में संगठन एकजुट है। कहीं कोई टूट की बात नहीं है।मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि राजद पलामू और चतरा दोनों सीटों पर प्रत्याशी देगा। इसकी जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दे दी गई है।
बताते चलें कि राजद ने पिछले दिनों कोडरमा, चतरा और पलामू पर अपनी दावेदारी ठोकी थी। बाद में यह मसला चतरा और पलामू पर अटक गया। इस बीच महागठबंधन में राजद को एक सीट (पलामू) देने पर सहमति बनी, परंतु अन्नपूर्णा के खेमे से यह भी सीट लगभग निकल गई है। पार्टी के बीच भीतरघात की यह बड़ी वजह बताई जा रही है। जनार्दन पासवान ने भाजपा में जाने का लगभग संकेत दे दिया है।
इससे इतर अन्नपूर्णा देवी का फोन जहां शनिवार को सुबह से ही बंद था, वहीं मनोज भुइयां का मोबाइल कवरेज क्षेत्र से बाहर बताता रहा। पार्टी सूत्रों के अनुसार दल का एक धड़ा राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह को चतरा से लड़ाना चाहता था, जबकि अन्नपूर्णा की निगाहें कोडरमा कटने के बाद पलामू पर थी। उन्होंने इस बाबत पलामू में रथयात्रा निकालने के साथ-साथ अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया था।