UP Lok sabha Election Result 2019 : भाजपा में उत्साह, संगठन ने सरकार और सरकार ने संगठन को सराहा
सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के बावजूद उत्तर प्रदेश में सहयोगियों समेत 64 सीट जीतने के बाद शुक्रवार को भाजपा सरकार और संगठन का उत्साह देखने को मिला।
लखनऊ, जेएनएन। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के बावजूद उत्तर प्रदेश में सहयोगियों समेत 64 सीट जीतने के बाद शुक्रवार को भाजपा सरकार और संगठन का उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल कई प्रमुख पदाधिकारियों के साथ पत्रकारों से मुखातिब हुए। संगठन ने सरकार और सरकार ने संगठन की सराहना की। उप्र में बड़ी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी को दिया। भाजपा ने जीत का जश्न भी मनाया।
बहुत शीघ्र होगा मंत्रिमंडल का विस्तार : योगी
योगी सरकार के तीन मंत्रियों के सांसद बनने और एक मंत्री के बर्खास्त किये जाने के बाद यह अटकल तेज हो गई है कि मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार बहुत शीघ्र होगा। अभी तो चुनाव जीतने वाले मंत्रियों का कैबिनेट में स्वागत करेंगे। योगी ने कहा कि इस चुनाव में विपक्षी नेताओं को मुद्दे नहीं मिले तो व्यक्तिगत टीका-टिप्पणी शुरू कर दी और अंतत: विपक्ष धराशायी हो गया।
मोदी के नेतृत्व, शाह के रणनीतिक कौशल से प्रचंड बहुमत
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय मेें पत्रकारों से बातचीत में योगी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व और शाह के रणनीतिक कौशल में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की संगठन क्षमता की भी सराहना की। विपक्ष को 16 सीटें कैसे मिल गईं? इस पर पलटते हुए योगी ने कहा कि आप लोग क्या चाहते हैं विपक्ष न रहे। यह पूछने पर कि अखिलेश यादव आपको चुनाव बाद मठ भेज रहे थे तो योगी ने कहा कि जनता ने तय कर दिया कि किसे कहां जाना है। मठ तो सभी जाते हैं।
योगी ने कहा कि जनता ने जातिवाद, परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को खारिज कर विकासवाद और राष्ट्रवाद को प्राथमिकता दी है। योगी ने कहा कि जातीय राजनीति का अंकगणित गठबंधन के पास था लेकिन, भाजपा ने टीम वर्क से अपना वोट बढ़ाकर 51 फीसद कर लिया। योगी ने कहा कि यह पहला चुनाव है जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी नहीं थी। बिजली, महंगाई और कानून-व्यवस्था का कोई मुद्दा भी नहीं था। योगी ने भरोसा दिया कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश और देश को मजबूत करेगी और जनादेश का भरपूर सम्मान होगा। योगी ने कहा कि दूसरे चरण के बाद ही मोदी की सुनामी चली तो मतदाताओं ने ईवीएम पर सवाल उठाने वालों की ताकत बता दी।
प्रतिक्रिया में बना गठबंधन पूरी तरह हो गया फेल : महेंद्र नाथ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लक्ष्य सौंपा था कि जातिवादी गठबंधन का सामना 51 फीसद लक्ष्य हासिल कर करें। यह लक्ष्य पूरा हुआ विपक्ष की नकारात्मक राजनीति पर भाजपा की सकारात्मकता भारी पड़ी। केवल प्रतिक्रिया में बना गठबंधन पूरी तरह फेल हो गया।
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में डॉ. महेंद्र नाथ ने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने योजनाओं का क्रियान्वयन कर लक्ष्य हासिल किया।
उन्होंने मायावती का नाम लिए बिना कहा कि चतुर खिलाड़ी की तरह उन्होंने कम उम्र के खिलाड़ी को उसी मुकाम पर रोक दिया और अपनी सीटों की संख्या बढ़ा ली। डॉ. पांडेय ने कहा कि गठबंधन की परिस्थिति में 51 फीसद वोट हासिल कर 64 सीट जीत लाए। यह मोदी-शाह की जोड़ी ने किया। गठबंधन के पास न तो कोई नीति थी और न एजेंडा था जबकि मोदी-योगी की सरकार ने आमजन के जीवन स्तर को बेहतर किया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का बेहतर प्रबंधन था कि 146 कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया गया। 3.46 करोड़ लाभार्थियों का संवर्ग विकसित कर सघन अभियान चलाया। प्रदेश अध्यक्ष ने 1984 से भाजपा की प्रगति का आंकड़ा देते हुए कहा कि इस बार भाजपा की रिकार्ड उपलब्धि हुई है और इसके लिए मोदी-शाह और योगी का योगदान है। उन्होंने भरोसा दिया कि मोदी और योगी सरकार गरीबों का विकास करेगी और देश-दुनिया के नक्शे पर उप्र को मजबूत करेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप