Lok Sabha Election 2019: राजद बोला, कांग्रेस अपनी जिद छोड़े, चतरा में करे समर्थन
Lok Sabha Election 2019. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी भोला यादव ने कहा कि महागठबंधन को मजबूत करने के लिए राजद चतरा से चुनाव लड़ रहा है।
चतरा, जासं। Lok Sabha Election 2019 - बिहार विधानसभा के सदस्य और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी भोला प्रसाद यादव ने चतरा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार दिए जाने को दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड का चतरा और पलामू संसदीय क्षेत्र शुरू से ही राजद का जनाधार वाला रहा है। गठबंधन में राजद को पलामू का सीट मिल चुका है। चतरा पर हमारी मांग जारी है। ऐसे में कांग्रेस को अपनी जिद छोड़कर राजद का समर्थन करना चाहिए। चूंकि राष्ट्रीय जनता दल ने महागठबंधन को मजबूत करने के लिए चतरा से अपना प्रत्याशी उतारा है। चतरा से जीत हासिल करने के बाद राजद का सांसद केंद्र में महागठबंधन की सरकार को समर्थन देगा।
भोला यादव शुक्रवार को राजद प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव के नामांकन में शामिल हाेने के लिए यहां आए थे। जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में उन्होंने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में कहा कि यदि इसके बाद भी कांग्रेस नहीं मानती है, तो राजद फ्रेंडली के लिए तैयार है। लेकिन राजद का अंतिम समय तक यह प्रयास होगा कि कांग्रेस अपनी जिद को छोड़ दे।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि चूंकि चतरा और पलामू में राजद का जनाधार कांग्रेस से मजबूत है। चतरा व पलामू में भाजपा को हराने का दम राजद के पास ही है। राजद नेता ने बताया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में राजद ने कांग्रेस पार्टी के लिए चतरा की सीट छोड़ी थी। लेकिन इसके बाद भी कांग्रेस का उम्मीदवार यहां से बुरी तरह पराजित हुआ था। उन्होंने कहा कि राजद के प्रत्याशी सुभाष यादव पिछले एक वर्ष से चतरा लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने यहां अपना मजबूत संगठन खड़ा कर लिया है। ऐसे में कांग्रेस को चतरा के लिए अपनी जिद छोड़ देनी चाहिए। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में भोला यादव ने कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है।