Phase 1 Lok Sabha Election Voting: अब बयानबाजी शुरू, राजनीतिक दलों के अपने-अपने दावे
बिहार में लोकसभा के पहले चरण की वोटिंग हो गई। पहले चरण में बिहार की चार लोकसभा सीटों पर लोगों ने गुरुवार को वोट डाले। अब उसपर बयानबाजी शुरू हो गई है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार में लोकसभा के पहले चरण की वोटिंग हो गई। पहले चरण में बिहार की चार लोकसभा सीटों पर लोगों ने गुरुवार को वोट डाले। वोट खत्म होने के बाद बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों के दावे भी आने लगे हैं। बीजेपी के साथ ही राजद व रालोसपा ने बड़े दावे किये हैं। वहीं लोजपा के चिराग पासवान ने अपनी जीत का दावा किया।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राफेल सौदे में कांग्रेस को दलाली खाने का मौका नहीं मिला, इसलिए राहुल गांधी चौकीदार को चोर बता रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट और कैग से क्लीनचिट मिलने के बाद उनके पास कहने के कुछ नहीं है। राहुल गांधी 25 मिनट के भाषण में 20 बार चौकीदार को चोर कहते हैं। उन्होंने कहा इससे लोगों में इतना गुस्सा है कि महागठबंधन का बिहार में खाता भी नहीं खुल पाएगा।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कारगिल विजय का जश्न मनाने के बजाय जार्ज फर्नांडिस जैसे ईमानदार रक्षा मंत्री को कफन चोर कहा और उन पर ताबूत घोटाले का झूठा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कथित ताबूत घोटाले में जॉर्ज को क्लीनचिट दी। उन्हें कफन चोर कहने का पाप ऐसा लगा कि बिहार में कांग्रेस की जड़ें सूख गईं। अब वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईमानदारी पर संदेह करने का जो पाप कर रहे हैं, उसकी भी सजा जनता उन्हें देने वाली है।
वहीं जमुई के लोजपा प्रत्याशी चिराग पासवान ने कहा कि जमुई में इस बार 2014 से भी लहर अधिक है। यह लहर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर है। राष्ट्रवाद को लोग पसंद कर रहे हैं। एनडीए को बड़ी जीत मिलने जा रही है।
उधर राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने दावा किया है कि प्रथम चरण की सभी चार सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत तय है। राजद नेता ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि सभी चारों क्षेत्रों से आ रहे रुझान के आधार पर कहा जा सकता है कि प्रथम चरण में ही राजग की विदाई हो गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन से अलग होकर भाजपा के साथ सरकार बनाने के बाद यह पहला चुनाव है। उन्होंने कहा कि देश की स्थिति आपातकाल से भी बदतर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार संविधान को खत्म करने पर तुली है।
उन्होंने कहा कि राजद किसी को ऐसा करने नहीं देगा। जनता भी सतर्क है। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने तो यह भी कह दिया है कि यह लोकतंत्र का आखिरी चुनाव साबित होगा। इस दौरान प्रो. रामबली सिंह चंद्रवंशी, चितरंजन गगन, भाई अरुण कुमार एवं डॉ. उर्मिला पाल भी मौजूद थीं।
दूसरी ओर रालोसपा के प्रदेश प्रवक्ता व उपाध्यक्ष जितेंद्र नाथ ने कहा कि महागठबंधन के सामने एनडीए कहीं नहीं ठहर रहा है। जनता का रुझान पहले चरण के मतदान में देखने को मिला। चारों लोकसभा सीटों पर जनता ने उत्साहित होकर वोटिंग की और एनडीए की विदाई तय है। महागठबंधन के प्रति वोटरों में अंडर करेंट है।