Lok Sabha Election 2019: चारों बेटिकट MP बने BJP के स्टार प्रचारक, रामटहल-रवींद्र पर नजरें टिकीं
Lok Sabha Election 2019. भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में टिकट कटने पर ताल ठोक रहे रांची के सांसद रामटहल चौधरी और कोडरमा सांसद रवींद्र राय के नाम नेताओं को चौंका रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूराे। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनावों के लिए झारखंड में भाजपा की ओर से जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची में रांची से बेटिकट किए गए रामटहल चौधरी, गिरिडीह से रविंद्र पांडेय और कोडरमा से रविंद्र राय को भी शामिल किया गया है। अब तक जनता को जनार्दन बताकर हर हाल में लोकसभा चुनाव लड़ने का दम भर रहे रामटहल चौधरी की इस सूची में नाम देखकर कार्यकर्ता-नेता सब सकते हैं। झारखंड में भाजपा के जिन तीन सांसदों का टिकट कटा है, वे सब इसमें शामिल हैं।
खूंटी से सांसद रहे पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कडि़या मुंडा भी स्टार प्रचारकों में शुमार हैं। बता दें कि सोमवार देर शाम बीजेपी ने देशभर में सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनावों के लिए झारखंड में अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, लक्ष्मण गिलुवा, सौदान सिंह, धर्मपाल सिंह, मंगल पांडेय को भी तरजीह दी गई है।
झारखंड में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने वाले बड़े नेताओं में योगी आदित्यनाथ, उमा भारती, रामलाल, पीयूष गाेयल, स्मृति इरानी, हेमा मालिनी, शाहनवाज हुसैन भी शामिल हैं। बहरहाल स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल चार बेटिकट सांसदों में से कडि़या मुंडा, रामटहल चौधरी, रवींद्र राय और रवींद्र पांडे में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने कौन उतरेगा, इस पर कार्यकर्ताओं की नजरें टिकी हैं।