Lok Sabha Election 2019: MP रामटहल की सीधी बात, लोग डोली पर भी संसद पहुंचते हैं
Lok Sabha Election 2019. झारखंड के रांची से भाजपा सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि उम्र की बातें बेकार हैं। मैंने डोली में बैठकर भी लोगों को सदन जाते देखा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - रांची लोकसभा से भाजपा ने अब तक प्रत्याशी का एलान नहीं किया है लेकिन यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सांसद रामटहल चौधरी का टिकट कट सकता है। उम्र का हवाला दिया जा रहा है। इस बारे में पूछे जाने पर रामटहल ने कहा कि यह बेकार की बातें हैं। मैंने डोली में बैठकर भी लोगों को सदन जाते देखा है। शीर्ष नेतृत्व आज तक यही कहता रहा है कि टिकट में उम्र बाधक नहीं बनेगा, किसी भी सीटिंग सांसद का टिकट नहीं कटेगा। दूसरे सवालों का भी रामटहल ने कुछ यूं दिया जवाब...
टिकट को लेकर जिन तीन लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का पेंच फंसा है, उनमें रांची भी है, क्या कहेंगे?
- रांची सीट की घोषणा सबसे पहले होनी चाहिए थी। यह सुनिश्चित जीत वाला क्षेत्र है। इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है। अगर इस पर कुछ ऐसा-वैसा होता है तो यह निश्चितता से अनिश्चितता की ओर ले जाने वाली कार्रवाई होगी।
आप अपने टिकट को लेकर कितने आश्वस्त हैं?
- केंद्रीय नेतृत्व पर अब भी भरोसा है। वेट एंड वाच वाली स्थिति है।
रांची लोस के लिए प्रत्याशी की घोषणा में लेटलतीफी पर क्या कहेंगे?
- कोई तिकड़म तो जरूर है। बस इतना ही कहूंगा?
अगर टिकट कट गया तो क्या करेंगे? क्या निर्दलीय लड़ेंगे?
- टिकट की घोषणा नहीं होने पर कार्यकर्ताओं में उबाल है। हजारों कार्यकर्ताओं का जमावड़ा मेरे घर पर लग रहा है। टिकट नहीं मिला तो 10 से 20 हजार कार्यकर्ताओं के साथ बैठूंगा। जो जनता का फैसला, वह मेरा फैसला होगा।
जनहित के मुद्दों पर आपकी बेबाक टिप्पणी ने भी तो कहीं आपके लिए संकट खड़ा नहीं किया?
- मैं जन प्रतिनिधि हूं। जनता ने मुझे चुना है। उसके लिए ही काम करता हूं। ऐसे में छात्रवृत्ति का पेंच, नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी, प्रमाणपत्र निर्गत करने में आ रही दिक्कतों को लेकर सवाल उठाया तो क्या बुरा किया। जनता की बात करता रहूंगा, कहता रहूंगा। जिसे बुरा मानना है, माने। मैं सरकार की नहीं, कार्यकर्ताओं की सुनता हूं।