कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 10 मई के बाद करेंगे हिमाचल में जनसभाएं
Rahul gandhi campaign in himachal कांग्रेस की जीत को पक्का करने के लिए कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 10 मई के बाद हिमाचल दौरे पर आकर तीन जनसभाएं करेंगे।
शिमला, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 10 मई के बाद हिमाचल में तीन जनसभाएं करेंगे। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी की जनसभा पहले हो चुकी है। अब तीन संसदीय क्षेत्रों शिमला, मंडी और हमीरपुर में वह जनसभा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा भी मौजूद रहेंगी। राहुल गांधी के हिमाचल दौरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कांग्रेस के अन्य राष्ट्रीय प्रचारक भी मई के दूसरे सप्ताह चुनाव प्रचार की कमान संभाल लेंगे।
प्रदेश में चार लोकसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग को दी गई स्टार प्रचारकों की सूची में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन ¨सह, प्रियंका वाड्रा, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत, नवजोत ¨सह सिद्धू आदि शामिल हैं। राहुल गांधी द्वारा दो से तीन दिन हिमाचल में चुनाव प्रचार की कमान संभाले जाने की सूचना है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि राहुल गांधी के प्रदेश दौरे की तिथि जल्द घोषित होगी। प्रदेश के चारों लोकसभा क्षेत्रों में उनकी जनसभाएं करवाने की मांग हाईकमान से की है।