राबड़ी देवी का NDA पर बड़ा हमला, PM मोदी व CM नीतीश को बता दिया ठग
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने गुरुवार को नवादा में राजद प्रत्याशी विभा देवी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
पटना, जेएनएन। बिहार विधान परिषद की नेता व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने गुरुवार को बिहार के नवादा लोकसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी विभा देवी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत गिरिराज सिंह को निशाना बनाया। यहां तक कि उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ठग तक करार दे दिया। कहा कि किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
नवादा के रोह स्थित इंटर विद्यालय के मैदान में राजद प्रत्याशी विभा देवी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राबड़ी देवी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बात-बात में गिरिराज सिंह लोगों को पाकिस्तान भेजने की बात करते थे, लेकिन अब वे खुद नवादा से भाग कर बेगूसराय पहुंच गए। उन्हाेंने कहा कि लेकिन गिरिराज सिंह बेगूसराय में भी हारेंगे।
राबड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों ठग हैं। इन लोगों ने जनता को ठगने का काम किया है। नौकरी के नाम पर युवाओं काे ठगा है। उन्होंने कहा कि लालू यादव व राजबल्लभ को साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि हमलोग डरनेवाले नहीं हैं। हमलोग 10 साल रहे तो काम किया। एनडीए की सरकार अपने शासनकाल का जवाब दे। बिहार में 15 साल और केंद्र में 5 साल में कोई काम नहीं हुआ। किसी को काम करने के बाद भी पैसा नहीं मिला है। आंगनबाड़ी वाले लाेग मायूस हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार सीबीआइ व ईडी ने छापेमारी की, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। गरीबों को विशेष रूप से आरक्षण देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू गरीबों के सेवक हैं। नीतीश कहते हैं कि लालू जेल से फोन से बात करते हैं, जबकि अधिकारी उनकी बात को नकार रहे हैं। उन्होंने लोगों से लालू के हाथों को मजबूत करने के लिए महागठबंधन उम्मीदवार विभा देवी के पक्ष में वोट करने की अपील की। वहीं, पूर्व सांसद आलोक मेहता ने कहा कि जगदेव बाबू को बिहार का लेनिन कहा जाता था। उन्होंने कहा था कि 100 में 90 शोषित हैं, 90भाग हमारा है, परंतु आज स्थिति विपरीत है।