गिरिराज के साथ दिखीं बालिका गृह कांड में कुर्सी गंवाने वाली पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, उठे सवाल
भाजपा नेता व केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह एक चुनावी सभा के दौरान बालिका गृह कांड से विवादों में आईं पूर्व मंत्री मंजू वर्मा से साथ दिखे हैं। पूरा मामला जानिए यहां।
पटना [जेएनएन]। बिहार के चर्चित बालिका गृह यौन हिंसा मामले में कुर्सी गंवाने वाली तथा आर्म्स एक्ट मामले में जेल जाने के बाद फिलहाल जमानत पर रिहा पूर्व मंत्री व जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता मंजू वर्मा फिर चर्चा में हैं। इस बार वे केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बेगूसराय से प्रत्याशी व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गिरिराज सिंह के साथ बेगूसराय में रैली के दौरान एक मंच पर दिखीं हैं। मंजू वर्मा बेगूसराय के चैरिया-बरियारपुर की जदयू विधायक हैं।
यहां साथ दिखे मंजू व गिरिराज
गिरिराज सिंह ने शनिवार को बेगूसराय में पूजा-पाठ करने के बाद अपने चुनाव अभियान का आरंभ किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। इसमें उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी व भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के प्रत्याशी कन्हैया कुमार पर जमकर हमला किया। इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तनवीर हसन को प्रत्याशी बनाया है। इस दौरान मंजू वर्मा को गिरिराज सिंह के साथ एक मंच पर देखा गया।
मामले को लेकर उठे सवाल
गिरिराज सिंह का बालिका गृह कांड को लेकर विवादों में आकर कुर्सी गंवाने वाली तत्कालीन मंत्री मंजू वर्मा के साथ एक मंच पर आने को लेकर चर्चा गर्म है। गिरिराज के साथ मंजू वर्मा की मौजूदगी पर सवाल उठने लगे हैं। राजद की मीसा भारती ने कहा है कि ऐसे लोगों को जनता देख रही है। हालांकि, इस संबंध में गिरिराज सिंह या मंजू वर्मा कर ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।