Move to Jagran APP

Priyanka Gandhi In Salempur : पीएम पर साधा निशाना- कहा, यह मजबूत नहीं मगरूर सरकार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सलेमपुर में सभा से पहले आंधी पानी के कारण मंच गिर गया और सभा के लिए लगाई गईं कुर्सियां तहस नहस हो गईं।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Wed, 15 May 2019 02:11 PM (IST)Updated: Thu, 16 May 2019 10:16 AM (IST)
Priyanka Gandhi In Salempur : पीएम पर साधा निशाना- कहा, यह मजबूत नहीं मगरूर सरकार
Priyanka Gandhi In Salempur : पीएम पर साधा निशाना- कहा, यह मजबूत नहीं मगरूर सरकार
गोरखपुर/देवरिया, प्रभात कुमार पाठक। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देवरिया के सलेमपुर में चुनावी जनसभा में पीएम मोदी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार मजबूत नहीं बल्कि मगरूर सरकार है। इनका अहंकार हर रोज दिखता था। इनके भाषणों में, इनके व्यवहार में। जिस तरह से ये बातें करते हैं। इन्हें सिर्फ सत्ता से मतलब है। देवरिया में बदहाल स्वास्थ्य सेवा की चर्चा करते हुए कहा कि जिला अस्पताल दलालों के जरिए चलाया जाता है। दवाएं बाहर से आती हैं। यह हाल है मजबूत सरकार की।
प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को सलेमपुर के बापू इंटर कालेज में कांग्रेस प्रत्याशी डा. राजेश कुमार मिश्र के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि जब मैं वाराणसी पहुंची तो हमें लगा कि यहां बहुत विकास हुआ होगा। मैंने अपने पिता का क्षेत्र अमेठी देखा था। मैं उस समय दस साल की थी। मैंने पांच साल अमेठी में जो बदलाव देखा उस तरह का विकास आज तक नहीं देखा। उस समय मेरे पिता देश के प्रधानमंत्री थे। देश में भी कांग्रेस की सरकार थी और प्रदेश में थी। उस तरह का विकास वाराणसी में क्यों नहीं हुआ? जबकि दोनों जगह इन्हीं की सरकार है। मैंने पूछा तो पता चला कि प्रधानमंत्री ने वाराणसी में पंद्रह किमी सड़क बनवाई है जो हवाई अड्डे तक जाती है। वह इसलिए कि जो बाहर से आएगा उसे यह सड़क देखकर लगेगा कि यहां बहुत विकास हुआ है। इस सड़क के आगे गड्ढ़े ही गड्ढे हैं।

किसानों को भूल गए पीएम
प्रियंका ने कहा कि मैंने लोगों से पूछा की प्रधानमंत्री क्षेत्र में आते हैं नहीं। पता चला आते तो हैं, लेकिन सिर्फ बड़ी-बड़ी मीटिंग के लिए आते हैं। आने के पहले खूब प्रचार-प्रसार होता है। मीटिंग कर चले जाते हैं। आज तक एक भी गरीब व किसी किसान के परिवार में नहीं गए। एक बार भी लोगों से हालचाल नहीं पूछा।
हम अमेठी में गांव-गांव गए
प्रियंका बोलीं, हम अमेठी के गांवाें में जाते हैं तो वहां पता चलता है कि हमारे पिता भी उस गांव में आए थे। हमारी बातों में गहराई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनकी विचारधारा जनता को आदर नहीं दे पा रही है। वह समझते हैं कि उनकी मजबूती उनकी सत्ता है। वह भूल गए हैं कि यह सत्ता देने वाला कौन है।

विदेशों में घूमते रहे पीएम
मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि पांच साल में जिस प्रधानमंत्री को जनता से मिलने तक की फुर्सत नहीं मिली। वह जनता का क्या भला करेगा। आपने उनको चीन में देखा होगा, जापान में देखा होगा या फिर पाकिस्तान में बिरयानी खाते देखा होगा। कभी भी आपने यह नहीं देखा होगा कि प्रधानमंत्री किसी गरीब के घर गए होंगे जो मुसीबत है। वह आज सत्ता के मोह व माया में है। जनता से संबंध टूट चुका है। यदि आपने 56 इंच का सीना ताना है तो आज किसान की यह स्थिति क्यों है? आज किसान पीड़ित है। उनके ऊपर कर्ज है। किसान कहता है कि वह दिन-रात खेतों में जाते हैं। मेहनत करते हैं, लेकिन हमारी बातों कोई सुनने वाला नहीं है।
स्‍थानीय मुद्दों को भी छूआ
प्रियंका ने कहा कि गोरखपुर में आक्सीजन कमी से कई बच्चों की मौत हो गई। यदि आपकी सरकार इतनी मजबूत है तो कम से कम इन बच्चों को तो बचा सकती थी। अमेठी का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार मैं अमेठी मेें प्रचार करने गई तो लोग नाराज थे। उन्हें लगा कि मैं उनका आक्रोश देखकर वापस लौट जाउंगी, लेकिन मैं लौटी नहीं बल्कि उनसे पूछा कि आपकी क्या समस्या है।

उन्हाेंने बताया कि आपने सड़क बनवाने के लिए कहा, लेकिन नहीं बनवाया। मैंने उन्हें समस्या दूर कराने को कहा और कराया। यह काम कांग्रेस के नेता कहते हैं। जब आप आक्रेशित होकर काले झंडे दिखाते हैं तो भाजपा के नेता डर जाते हैं और लोगों को देशद्रोही बताते है। इनकी लोकतांत्रिक मानसिकता नहीं है। ये आपको डराना चाहते हैं। ये 56 इंच के सीने की बात करते हैं। जिस दिन देश की जनता सीना तानेगी इनकी सच्‍चाई बाहर आ जाएगी।
झूठे प्रचार से सचेत किया
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जब तब आप इनके झूठे प्रचार से गुमराह होते रहेंगे जब तक बदलाव नहीं आएगा। लोकतंत्र को मजबूत करने का समय अभी है। आप वोट डालने जाएं तो हमारी बातों का ध्यान रखिएगा। आपके साथ न्याय होगा। कांग्रेस पार्टी ने इस बार महत्वपूर्ण घोषणा पत्र बनाया है। इसलिए राहुल गांधी ने अापके बीच बड़े-बड़े नेताओं को भेजा। उनकी बातों को सुनने के बाद घोषणा पत्र बनाया है।
किसानों को मजबूत करेंगे
हमारी सरकार आएंगी तो सलाना 72 हजार रुपये सीधे खाते में जाएगा। इससे किसान मजबूत हाेगा। मिनी फूड पार्क बनेगा। इससे आपकी उपज का सही दाम मिलेगा। नौजवानों को रोजगार मिलेगा। आज देश में विभािन्न क्षेत्रों में 24 लाख पद खाली हैं। कांग्रेस सत्ता में आएगी तो इसे भरने का कार्य करेगी। मनरेगा को भी इन्होंने कमजोर बनेगा। कांग्रेस ने कहा कि हम इसे मजबूत बनाएंगे। महिलाओं को भी मजबूत बनाएंगे।

देवरिया से नाता जोड़ा
अपने संबोधन के दौरान प्रियंका ने देवरिया से भी नाता जोड़ा। कहा कि यह बाबा देवरहा बाबा धरती है। मेरी दादी इंदिरा गांधी उनकी बहुत आदर करती थीं। यहां आकर मुझे बहुत खुशी हुई। बाबा देवरहा बाबा ने हमेशा प्रेम का संदेश दिया। आज देश में जो राजनीति चल रही है उससे आप सब वाकिफ हैं। आज नेता अहंकारी बन गया है। जनता उसे सचाई दिखा रही है।
आंधी-पानी ने डाली खलल
प्रियंका गांधी की सभा से पहले अचानक आंधी-पानी आने से अफरा-तफरी मच गई। आंधी-पानी के कारण प्रियंका का मंच ढ़ह गया और सभा के लिए लगाई गईं कुर्सियां तहस-नहस हो गईं।

आंधी पानी के कारण सभास्‍थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में आंधी-पानी रुका और सभा की फ‍िर से तैयारी शुरू हुई। दोपहर करीब दो बजे आंधी-पानी बंद हो गया। आंधी पानी बंद होते की मंच को ठीक करने और कुर्सियों का लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। नेताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी आएंगी और सभा होगी। निर्धारित समय से लगभग 2 घंटे विलंब से पहुंचीं और फ‍िर सभा को संबोधित किया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.