Lok Sabha Election 2019: छठे चरण में मोदी-शाह समेत कई स्टार प्रचारक संभालेंगे BJP की कमान
Lok Sabha Election 2019. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छह मई को चाईबासा में विजय संकल्प रैली से होगी। आठ मई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह धनबाद और जमशेदपुर में सभा करेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा झारखंड में तीसरे चरण के चुनाव में पूरी ताकत झोंकेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं की जनसभा विभिन्न संसदीय क्षेत्र में होगी। इस अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छह मई को चाईबासा में विजय संकल्प रैली से होगी। आठ मई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह धनबाद और जमशेदपुर में जनसभा करेंगे।
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सात मई को जनसभा करेंगे। इन दोनों नेताओं के कार्यक्रम कहां होंगे यह अब तक तय नहीं है। राजनाथ सिंह की घाटशिला में जनसभा की बात कही जा रही है। इसके अलावा झारखंड के आखिरी चरण के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई को दुमका में जनसभा को संबोधित करेंगे।
चाईबासा में मोदी और आदित्यपुर में राजनाथ सिंह की चुनावी सभा
छठे चरण के चुनाव को लेकर भाजपा ने अब अपना पूरा ध्यान सिंहभूम लोकसभा सीट पर केंद्रित कर दिया है। इस सीट से लक्ष्मण गिलुवा को विजय दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह मई को चाईबासा आ रहे हैं। वहीं, सात मई को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री रघुवर दास के सिंहभूम में अलग-अलग जगह कार्यक्रम तय हुए हैं। रविवार को चाईबासा में भाजपा के एलआइसी बिल्डिंग स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने बताया कि नरेंद्र मोदी का कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा मुख्यालय स्थित टाटा कालेज मैदान में कार्यक्रम तय हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के समय में कुछ परिवर्तन हुआ है। मोदी जी अब छह मई की दोपहर तीन बजे सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में अपार भीड़ मौजूद रहेगी। इसके लिए सभी को जिम्मेदारी सौंप दी गयी है। वहीं सात मई को राजनाथ सिंह की आदित्यपुर फुटबाल मैदान में सभा होगी। इसी दिन झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र चुनावी दौरा करेंगे। वे कराईकेला, लोढ़ाई व जैंतगढ़ में कार्यक्रम करेंगे। सात मई की शाम को वो चाईबासा में रुकेंगे। यहां शहरी क्षेत्र में वो पदयात्रा करेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप