Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : जमशेदपुर में पुलिस पर पथराव, सिर फटने के बाद छोड़े गए आंसू गैस के गोले

Lok Sabha Election 2019. झारखंड की जमशेदपुर सीट पर वोटरों का उत्साह सिर चढ़कर बोल रहा है। यहां आधी आबादी का भी दमखम दिख रहा है।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Sun, 12 May 2019 07:37 AM (IST)Updated: Sun, 12 May 2019 05:28 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : जमशेदपुर में पुलिस पर पथराव, सिर फटने के बाद छोड़े गए आंसू गैस के गोले
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 : जमशेदपुर में पुलिस पर पथराव, सिर फटने के बाद छोड़े गए आंसू गैस के गोले

 जमशेदरपुर, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के शहरी इलाकों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण मतदान हुआ। हर जगह बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगने लगी थी, लिहाजा सुबह 11 बजे तक बढिय़ा मतदान हुआ। दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर भीड़ कम होनी शुरू हुई थी। कहीं-कहीं तीन बजे के बाद भी लाइन थी। इस बार भी उम्मीद के अनुरूप शहर की बस्तियों में जमकर मतदान हुआ, जबकि पॉश इलाकों में अपेक्षाकृत कम मतदान हुआ। 

loksabha election banner

सोनारी के भारत सेवाश्रम संघ, डीएवी, राम मंदिर, बर्मामाइंस के देवस्थानम शिव मंदिर, बीपीएम मध्य विद्यालय, बिरसानगर उच्च विद्यालय आदि बूथों पर सुबह से दोपहर तक लंबी-लंबी लाइन लगी रही, वहीं बिष्टुपुर के नार्दर्न टाउन स्थित सेक्रेड हार्ट कान्वेंट, एमएनपीएस, लोयोला स्कूल, साकची के राजेंद्र विद्यालय व टैगोर एकेडमी, टेल्को के गुलमोहर स्कूल समेत अन्य बूथों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ रही। गुलमोहर में तैनात मतदान अधिकारियों ने बताया कि यहां लंबी लाइन लगी ही नहीं, बस लोग आते-जाते रहे। 

कदमा के टाटा वर्कर्स यूनियन राजकीय उच्च विद्यालय (डब्बा स्कूल) व सोनारी के भारत सेवाश्रम संघ, सोनारी डीएवी आदि में मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। इन स्कूलों में शाम तक मतदाताओं की लाइन लगी थी। बिष्टुपुर में जुस्को स्कूल साउथ पार्क,  डीएम मदन हाईस्कूल व कदमा के टाटा वर्कर्स यूनियन हाईस्कूल को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां मतदाताओं के बैठने और पेयजल की अच्छी व्यवस्था थी। 

जुगसलाई को अलावा कहीं हिंसा नहीं 

लोकसभा चुनाव के दौरान जुगसलाई को छोड़कर कहीं ङ्क्षहसा या मारपीट की घटना नहीं हुई। हालांकि हर बूथ पर जिला पुलिस व अद्र्धसैनिक बल के जवान तैनात थे, लेकिन कहीं भी उन्हें बल प्रयोग की नौबत नहीं पड़ी। जुगसलाई में पथराव से रैफ जवान के सिर पर गंभीर चोट लगी है।

बारीडीह-बिरसानगर में खुले रहे बाजार

मतदान के दौरान जिला प्रशासन ने बाजार-दुकान बंद रखने का फरमान जारी किया था। इसकी वजह से साकची, बिष्टुपुर, मानगो, गोलमुरी से लेकर सोनारी व कदमा में पूरी तरह दुकानें बंद थीं, लेकिन बारीडीह और बिरसानगर में लगभग सभी दुकानें खुली थीं। बारीडीह और बिरसानगर बाजार में खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ भी थी। टाटानगर स्टेशन के पास की कुछ दुकानें खुली थीं, लेकिन जुगसलाई बाजार में दुकानें बंद रहीं। गांधी मैदान में नहीं थे पार्टियों के पोलिंग एजेंट

मानगो के गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी उच्च विद्यालय में दो बूथ (271 व 272) थे, जहां मतदान की प्रक्रिया काफी धीमी थी। मतदान अधिकारियों ने बताया कि यहां किसी पार्टी का पोलिंग एजेंट नहीं है, जिसकी वजह से मतदाताओं की पर्ची निकालने और सूची में उनका नाम ढूंढने में काफी वक्त लग जा रहा है। मतदान अधिकारियों ने भी आश्चर्य व्यक्त किया कि पता नहीं क्यों, यहां किसी दल ने अपना टेंट तक नहीं लगाया। 

दिव्यांगों के लिए अच्छी व्यवस्था

इस बार दिव्यांगों के लिए प्रशासन ने अच्छी व्यवस्था की थी। लगभग हर जगह व्हील चेयर तो थे ही, उन्हें घर से लाने और पहुंचाने के लिए टेंपो की व्यवस्था भी थी। मानगो के उलीडीह स्थित आदिवासी कल्याण उच्च विद्यालय में ऐसे ही एक दिव्यांग फटिक डे (50) को लाया गया था। उनकी पत्नी ने बताया कि सात साल से उनके पति चल-फिर नहीं पा रहे हैं। बीमार होने के बाद से पहली बार मतदान करने आए हैं। मतदान कर्मी भी दिव्यांगों को प्राथमिकता दे रहे थे, तो वोलेंटियर भी उनकी सहायता के लिए तत्पर दिखे।

बिजली गुल होने से बाधित हुआ मतदान

गैर कंपनी इलाकों में दोपहर एक बजे बिजली गुल हो गई, जिससे करीब 25 मिनट तक मतदान बाधित रहा। जुगसलाई के एक मतदाता ने बताया कि बिजली गुल होने से मतदान केंद्रों में अंधेरा हो गया, जिससे मतदान कार्य रूका रहा। दोपहर डेढ़ बजे बिजली आने के बाद मतदान शुरू हुआ। यही हाल गैर कंपनी इलाकों में रहा।जमशेदपुर क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक यहां 17.89 फीसद वोट पड़े हैं। मत का प्रतिशत 11 बजे 29.33 फीसद पर पहुंचा। एक बजे तक 47.34 फीसद मतदान हुआ। तीन बजे तक 58.76 फीसद वोट डाले गए।  

जुगसलाई में दागे गए आंसू गैस के गोले

जमशेदपुर के जुगसलाई के सेंट जॉन स्कूल स्थित बूथ पर हंगामे ने तब हिंसक रूप धारण कर लिया जब स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिस कर्मी घायल हो गया। उसके बाद रैफ के जवानों ने अश्रु गैस के गोले दागे। गोले दागने के बाद लोग तितर-बितर हो गए। उपविकास आयुक्त ने बताया कि मतदान केंद्र के बाहर हंगामा हुआ। स्थिति को जल्द संभाल लिया गया।

 

पथराव में घायल जवान।

पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागते रैफ के जवान।

 जुगसलाई में लोगों को खदेड़ती पुलिस। 

जवानों ने तानी बंदूक, ग्रामीणों ने की पिटाई

डुमरिया मध्य विद्यालय के आदर्श बूथ संख्या 288 व 289 में दोपहर वहां ड्यूटी पर तैनात जवान ने एक मतदाता की पिटाई कर दी। इससे गुस्साए लोगों ने आरोपित जवान के विरुद्ध बवाल मचा दिया। मतदाताओं का गुस्सा तब और बढ़ गया जब उसके साथी जवान ने मतदाताओं पर बंदूक तान दिया। उसके बाद तो जलती आग पर घी डालने का काम किया। आपे से बाहर आए मतदाताओं ने दोनों जवानों की धुनाई कर दी। जिससे कुछ देर तक मतदान रुक गया। बताया जा रहा है कि वोट डालने आए एक मतदाता के साथ किसी बात को लेकर उलझ गए। इतने में जवान ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी। लोगों के मना करने के बावजूद जवान नहीं माने तो लोगों का मूड गरम हो गया। यह देखते उसके साथी जवान ने बंदुक तान दिया और कहने लगा कि गोली मार देंगे। इससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। मामले की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरली यादव व थाना प्रभारी योगेंद्र पासवान पहुंच कर मामले को संभाल लिया। लोगों ने तत्काल दोनों जवानों को मतदान केंद्र से हटाने की मांग करने लगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मतदाता केंद्र से दोनों को तुरंत हटा दिया। घटना के वक्त मौजूद मतदाताओं का कहना था कि जवान महिलाओं के साथ भी गलत ढंग से पेश आ रहा था। दोनों जवान चुनाव की ड्यूटी पर बाहर से पहुंचे थे।

डुमरिया में पुलिस जवान के प्रति नाराजगी जताते स्थानीय लोग।

जमशेदपुर शहर के फाउंड्री यूनियन मिड्ल स्कूल ईस्ट प्लांट बस्ती बर्मामाइंस बूथ नंबर 239 पर ईवीएम में खराबी की वजह से लोगों को इंतजार करना पड़ा। यहां मतदान शुरू होने में देरी हुई। भालबासा हरिजन उच्च विद्यालय स्थित बूथ पर लंबी कतार है। यहां मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पत्नी, बेटे और बहू के साथ मतदान किया। मानगो इलाके में भी बूथों पर काफी लंबी कतार है। 

पब्लिक वेलफेयर उर्दू मध्य विद्यालय आजाद नगर में मतदान करने वालों की लगी भीड़, 95 वर्षीय जमीला खातून अपना वोट देकर बाहर निकलती।

भालुबासा हरिजन स्कूल मतदान केंद्र पर इस बुजुर्ग मतदाता ने पहला वोट डाला। हालांकि, इन्‍हें नहीं मिला पहले वोटर का प्रमाण पत्र। 

ईवीएम में खराबी की शिकायतें

जमशेदपुर के साकची के एसएसजी इंग्लिश स्कूल में मशीन खराब होने के कारण मतदान 8 बजे तक शुरू नहीं हुआ है । इस मतदान केंद्र में कुल 4 बूथ  285,286,287,288 है। मानगो के श्रद्धा पब्लिक स्कूल बूथ नंबर 149 में भी 8 बजे तक मतदान प्रारंभ नहीं हो पाया है। ईवीएम खराब है। ईस्ट प्लांट बस्ती में भी ईवीएम खराब है। इस वजह से अभी तक मतदान शुरू नहीं हो पाया है। जुगसलाई के 172 नंबर बूथ में ईवीएम खराब होने के कारण साढ़े नौ बजे तक वोटिंग शुरू नहीं हो पाई। 

परसूडीह के अमर ज्योति स्कूल में मतदान करने के लिए उमड़ी भीड़।

जमशेदपुर के एक मतदान केंद्र का जायजा लेते सिटी एसपी प्रभात कुमार।

जमशेदपुर के भालूबासा में सुरभि कुमारी ने पहली बार वोट डाला।

उत्तरी इंचड़ा पंचायत के 200 नंबर बूथ में छाता लेकर लाइन में लगी महिलाएं। यहां शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है। 

पोटका में मतदानकर्मियों से वकझक

पोटका विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। पोटका के रामजुड़ी स्थित मतदान केंद्र पर सुबह पांच बजे से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगी। लाइन में खड़े-खड़े मतदाता पोलिंग शुरू होने का इंतजार करते रहे लेकिन मतदानकर्मी यहां 7.05 बजे पहुंचे। ग्रामीणों के साथ मतदानकर्मियों की बकझक भी हुई।

ग्रामीण क्षेत्र में महिला मतदाताओं की लगी लंबी लाइन

पोटका क्षेत्र के हेंसलबिल, रामजुड़ी, राजकीय मध्य विद्यालय जुड़ी सहित आसपास के अन्य मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतार सुबह से ही लगी रही। कहीं-कहीं तो पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या अधिक रही। सुबह नौ बजे तक कतार और भी लंबी हो गई। काफी देर तक लाइन में खड़ी रहीं महिलाएं थक कर जमीन पर ही बैठ गईं लेकिन कतार में डटी रहीं। वोट देने के बाद ही वापस लौटीं। 

गीतिलता विद्यालय में ईवीएम में खराबी, एक घंटे मतदान बाधित

 पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गीतिलता विद्यालय चांदपुर खैरपाल क्लस्टर के फोर में ईवीएम खराब होने से एक घंटे विलंब से मतदान शुरू हुआ। यहां करीब सात बजे ईवीएम में गड़बड़ी आई। विभागीय कर्मचारियों ईवीएम को ठीक किया। उधर, जामदा पंचायत के तानाशाही सेंटर में भी ईवीएम में खराबी के चलते मतदाताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। यहां ईवीएम को ठीक नहीं किया जा सका।

पटमदा के कई बूथों पर देर से मतदान

पटमदा से सटे ग्र्रामीण इलाकों में सुबह से ही वोट डालने के लिए लंबी कतार लगी रही। हालांकि कई बूथों पर मतदान देर से शुरू होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पटमदा ब्लॉक में बने आदर्श मतदान केंद्र (बूथ संख्या 132) का इवीएम में खराबी होने के कारण लगभग एक घंटा 20 मिनट बाद मतदान शुरू हो सका। वहीं बूथ संख्या 131 में भी इवीएम कनेक्ट नहीं कर पाने के कारण 20 घंटा देरी हुई। इसी तरह कुमिर गांव में भी 45 मिनट देर से मतदान शुरू हुआ। 

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित माइकल जॉन उच्च विद्यालय मतदान केंद्र पर मां के साथ पहली बार वोट डालकर निकला रितुराज।

व्हीलचेयर पर एक बुजुर्ग पहुंचे

पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हेंसबिल का पोलिंग बूथ। यहां सुबह पांच बजे से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगी थी। करीब सात बजे व्हीलचेयर पर एक बुजुर्ग पहुंचे। पूछने पर अपना नाम देवन कर्मकार, उम्र 90 साल बताया। बातचीत में बताया कि अबतक हर बार मतदान करते रहे हैं। उनकी पत्नी टोरू भी कतार में खड़ी है। दोनों के कोई बच्चा नहीं हुआ। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। जबतक सक्षम से मेहनत-मजदूरी की। अब सरकारी राशन से काम चल रहा है। कहा- सरकार से कुछ मिले या नहीं मिले, वोट तो डालना ही है। यह मेरा अधिकार है और हर बार वोट दिया। जबतक जिंदा रहूंगा, वोट डालता रहूंगा। चल-फिर नहीं सकते हैं। एक रिश्तेदार को बुलाया जिसने व्हील चेयर से मतदान केंद्र तक पहुंचाया। अब वही वापस छोड़ देगा।

धालभूमगढ के महुलीशोल बूथ पर मतदान के लिए कतार में खडे राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.