Lok Sabha Election 2019: पीएन को जीत का भरोसा, कीर्ति का हौसला बुलंद
एग्जिट पोल पर भाजपा प्रत्याशी पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा 300 का आंकड़ा पार कर रही है। धनबाद में उनकी जीत पक्की है। लोगों ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया है।
धनबाद, जेएनएन। मतदान का कार्य समाप्त होने के बाद विभिन्न संस्थाओं द्वारा एग्जिट पोल जारी किया गया। इसमें भाजपा को बढ़त मिलना तय बताया जा रहा है। एक्जिट पोल को लेकर लोगों में भी चर्चा का बाजार गर्म है, लेकिन यह चर्चा राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के बीच भी है। धनबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह का अपनी जीत के प्रति विश्वास एक्जिट पोल के बाद और बढ़ गया है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना हौसला बुलंद कर रखा है।
एग्जिट पोल पर भाजपा प्रत्याशी पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा 300 का आंकड़ा पार कर रही है। धनबाद में उनकी जीत पक्की है। लोगों ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया है। जीत को लेकर किसी भी प्रकार का शक या संदेह नहीं है। लोगों ने व्यक्ति विशेष को आगे नहीं रखा। राष्ट्र के सम्मान के लिए भाजपा को वोट दिया है। एक्जिट पोल के नतीजों से खुश हैं और इन दिनों उनका अधिकांश वक्त घर में आराम करते हुए और कार्यकर्ताओं से भेंट करते हुए बीत रहा है।
इधर, मतगणना को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी कीर्ति झा आजाद कुछ व्यस्त हैं। मंगलवार को उनका दिन मतगणना को लेकर कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण में व्यतीत हुआ। कीर्ति के हाव-भाव और उनकी बोली में उनका हौसला नजर आता है। प्रशिक्षण स्थल पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को हौसला बुलंद रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ मतगणना में शामिल हों। नतीजे सार्थक होंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप