Lok Sabha Election 2019 : पंकज लखपति तो पत्नी पल्लवी करोड़ों की मालकिन
लोकसभा चुनाव में शनिवार को फूलपुर संसदीय सीट से कांग्रेस से पंकज सिंह चंदेल समेत पांच लोगों ने नामांकन किया जबकि इलाहाबाद से छह लोगों ने पर्चा दाखिल किया।
प्रयागराज : फूलपुर से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज सिंह चंदेल ने अपने नामांकन प्रपत्र में चल और अचल संपत्ति लगभग 75 लाख रुपये दर्शाया है। मूलरूप से मध्य प्रदेश में जबलपुर के गंगानगर इलाके के चंदन कॉलोनी निवासी पंकज पर लखनऊ के गोमती नगर थाने में वर्ष 2017 में फ्लैट पर कब्जा करने, जान से मारने की धमकी देने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मुकदमा भी दर्ज है जो विवेचनाधीन है और न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्टे है।
पंकज के पास एक लाख नकद व 40 हजार बैंक बैलेंस
जबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक पंकज के पास एक लाख रुपये नकद और लगभग 40 हजार रुपये बैंक में है। उनके पास एक टाटा सफारी और सौ ग्राम सोने के जेवरात हैं। लगभग 30 लाख की गैर कृषि की जमीन भी है। पंकज की पत्नी पल्लवी पटेल के पास 45 हजार नकद तथा एक लाख रुपये बैंक में है। अपना दल नेता स्व. सोनेलाल पटेल की बेटी पल्लवी पर लगभग आठ लाख रुपये का कर्ज है। नामांकन पत्र में उनके नाम पर दिल्ली में फ्लैट भी दर्शाया गया है। उनके पास लगभग दो करोड़ 30 लाख रुपये की चल और अचल संपत्ति है। इसमें पांच सौ ग्राम सोने के जेवरात और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात हैं।
इलाहाबाद सीट से छह और फूलपुर से पांच लोगों ने किया नामांकन
लोकसभा चुनाव में शनिवार को फूलपुर संसदीय सीट से कांग्रेस से पंकज सिंह चंदेल समेत पांच लोगों ने नामांकन किया, जबकि इलाहाबाद से छह लोगों ने पर्चा दाखिल किया। अब तक इलाहाबाद संसदीय सीट से कुल आठ और फूलपुर से 11 लोगों का पर्चा दाखिल हो चुका है।
फूलपुर से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज सिंह चंदेल ने किया नामांकन
शनिवार को नामांकन के तीसरे दिन कलेक्ट्रेट में गहमागहमी बढ़ गई थी। फूलपुर से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज सिंह चंदेल नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी व अपना दल (कृष्णा गुट) की नेता पल्लवी पटेल, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह भी थे। पंकज ने अपना नामांकन दो सेट में दाखिल किया। फूलपुर से दोपहर तीन बजे तक पांच लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
सुरक्षा के तगड़े इंतजाम थे
इलाहाबाद के रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद सिंह ने बताया कि छह लोगों ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान सुरक्षा के तगड़े प्रबंध किए गए थे। मुख्य गेट पर एसडीएम शिवानी सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ थीं। नामांकन के लिए दावेदारों के साथ चार लोगों को ही अंदर प्रवेश दिया गया। वाहनों को भी दो सौ मीटर दूर ही रोक दिया गया था।
फूलपुर से 72 व इलाहाबाद से 28 लोग ले गए फॉर्म
अब तक फूलपुर संसदीय सीट से 72 लोग नामांकन फॉर्म ले गए, जबकि इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से 28 लोग नामांकन प्रपत्र ले जा चुके हैं। फूलपुर से पहले दिन 39, दूसरे दिन 19 और तीसरे दिन 14 लोग फॉर्म ले गए। इसी तरह इलाहाबाद से पहले दिन 15, दूसरे दिन पांच और तीसरे दिन आठ लोग पर्चा ले गए। फूलपुर से शनिवार को सपा के एमएलसी बासुदेव यादव की बेटी निधि यादव निर्दल तथा पंधारी सपा से नामांकन फॉर्म ले गए।