Lok Sabha Election 2019: अब GODDA में याैन उत्पीड़न बड़ा मुद्दा, निशिकांत-प्रदीप के बीच वार-पलटवार तेज
राजनीति से इतर पुलिस फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही है। दुमका के डीआइजी राजकुमार लकड़ा ने JVM के प्रदीप यादव के खिलाफ दर्ज छेडख़ानी एवं छिनतई के मुकदमे की एसआइटी जांच के आदेश दिए हैं।
देवघर, जेएनएन। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप यादव पर अपनी ही पार्टी झाविमो की महिला पदाधिकारी के साथ याैन उत्पीड़न करने का आरोप लगने के बाद चुनावी राजनीति गरमा गई है। गोड्डा लोकसभा चुनाव में अब नया और बड़ा मुद्दा है-याैन उत्पीड़न। इसे लेकर भाजपा प्रत्याशी सांसद निशिकांत दुबे ने झाविमो प्रत्याशी प्रदीप यादव पर हमले तेज कर दिए हैं। दूसरी तरफ यादव ने खुद को निर्दोष बताते हुए सांसद निशिकांत पर ही साजिश रचने का आरोप मढ़ा है।
राजनीति से अलग इस मामले में पुलिस फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही है। दुमका के डीआइजी राजकुमार लकड़ा ने झाविमो प्रत्याशी पोड़ैयाहाट के विधायक के खिलाफ दर्ज छेडख़ानी एवं छिनतई के मुकदमे की एसआइटी जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही एसपी नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया।
इधर, झाविमो नेत्री ने अपनी प्राथमिकी में जिस होटल में छेडख़ानी की बात कही है, उपायुक्त ने उस होटल का आवासीय फ्लोर सील करा दिया है। जिला प्रशासन और पुलिस अफसर के शनिवार को होटल में गए तो सीसीटीवी को काम करता नहीं पाया। मुकदमे का अनुसंधान करने के लिए होटल के कंप्यूटर का सीपीयू जब्त कर लिया गया है। होटल के कर्मचारियों से भी पुलिस ने पूछताछ की।
जानकारी हो कि रांची में रहने वाली झाविमो नेत्री ने 20 अप्रैल की घटना पर शुक्रवार को देवघर में लिखित शिकायत की। इस पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुक्रवार की रात ही सरकारी अधिकारियों के सामने प्रदीप यादव ने इस पर सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के भाजपा सांसद रवींद्र पांडेय और बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो के खिलाफ भी भाजपा नेत्रियों ने छेडख़ानी की लिखित शिकायत की थी। उन मामलों में आज तक प्राथमिकी नहीं हुई है। वहीं उनके मामले में लोकसभा चुनाव के दौरान लिखित शिकायत की जांच किए बगैर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
इसके बाद दुमका डीआइजी राजकुमार लकड़ा ने एसआइटी से जांच की घोषणा की। एसआइटी में एसपी नरेन्द्र कुमार ङ्क्षसह के नेतृत्व में एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव, साइबर डीएसपी नेहा बाबा, अनुसंधाकर्ता इंस्पेक्टर संगीता कुमारी, नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मदन कुमार ठाकुर, कुंडा थाना प्रभारी असीम कमल टोपनो के अलावा तकनीकी सेल के तीन लोगों को रखा गया है।
होटल के गार्ड और कर्मचारी से पूछताछ की गई है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रख तटस्थ अनुसंधान होगा।
-विकास चंद्र श्रीवास्तव, एसडीपीओ देवघर
भाजपा जितने मुकदमे कराए, गोड्डा में हारेगी जरूर : यौन उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज होने के अगले दिन शनिवार को गोड्डा के झाविमो उम्मीदवार प्रदीप यादव गुस्से में दिखे। बोले कि भाजपा के लोग चाहे जितने भी मुकदमे करा लें, गोड्डा में भाजपा जरूर हारेगी। उनके खिलाफ साजिश कर मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें जसीडीह के मुकेश पाठक की प्रत्यक्ष भूमिका की जांच होनी चाहिए। मुकेश पाठक भाजपा का चुनाव प्रबंधन देख रहे हैं। प्रदीप ने कहा कि वे इस मसले को चुनाव आयोग में ले जाएंगे। अदालत में मजबूती से कानूनी पत्र रखा जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में राजद के पूर्व विधायक संजय यादव, कांग्र्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, प्रवक्ता ध्रुव सिंह भी थे।
प्रदीप की गिरफ्तारी तक भाजपा चुप नहीं बैठेगी : भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे ने गोड्डा के नहर चौक में शनिवार को कहा कि आरोप लगाने वाली महिला झाविमो की प्रवक्ता है। इसमें निशिकांत दुबे कहां से आ गए। अपने पाप का ठीकरा भाजपा पर नहीं फोड़े। प्रदीप यादव की गिरफ्तारी होने तक भाजपा चुप नहीं बैठेगी।
दुबे ने कहा कि जिस महिला ने प्रदीप यादव पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया है, उससे वे कभी नहीं मिले हैं, न कभी बात की है। उन्होंने कहा कि जिस झाविमो नेत्री ने मुकदमा किया है, उसके साथ प्रदीप यादव मंच साझा करते हैं। वहीं बेवजह घसीटते भाजपा को है। वह अबला नारी भाजपा के पास न्याय मांगने आएगी तो एक- एक कार्यकर्ता उसकी लड़ाई लड़ेगा।
प्रदीप यादव की जीत सुनिश्चित होती देख इस तरह की साजिश रची जा रही है। जनता सब समझती है, इसका माकूल जवाब देगी। अभी चुनावी दौरे में हूं, मामले की सचाई जाने बिना अभी विशेष कुछ नहीं कह सकता।
-बाबूलाल मरांडी, अध्यक्ष, झारखंड विकास मोर्चा
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप