Election 2019: प्रियंका गांधी का पीएम पर हमला, कहा- किसी गरीब के गले क्यों नहीं लगते मोदी?
गाजियाबाद सीट से कांग्रेस (Congress Party) की उम्मीदवार डॉली शर्मा के समर्थन में प्रियंका गांधी वाड्रा रोड शो कर रही है।
नई दिल्ली/गाजियाबाद, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर प्रथम चरण का मतदान 11 अप्रैल को होना है, एेसे में उम्मीदवारों के पास प्रचार के लिए एक सप्ताह से भी कम का समय बचा है। यही वजह है कि चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ा चुका है। इस कड़ी में आज गाजियाबाद सीट से कांग्रेस (Congress Party) की उम्मीदवार डॉली शर्मा के समर्थन में प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोड शो किया। उन्होंने इसकी शुरुआत घंटाघर से की। उनके कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह की प्रतिमा को माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद वह रमते राम रोड की ओर निकलेंगी। कड़ी धूप के बाद भी प्रियंका के रोड शो में भारी भीड़ जुटी थी।
इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनियाभर धूम आए हैं। जापान गए वहां गले लगे, पाकिस्तान गए वहां बिरयानी खाए। चीन गए वहां गले लगे, लेकिन वाराणसी में आप उन्हें किसी गरीब परिवार से गले लगते देखा है?
#WATCH Congress General Secretary for UP East, Priyanka Gandhi Vadra, speaks on PM Modi, says "...dunia bhar ghoom aaye hain. Japan gaye wahan gale lage, Pakistan gaye wahan Biryani khaayi, China gaye wahan gale lage. Lekin Varanasi ke ek gareeb parivaar se gale lagte dekha hai?" pic.twitter.com/k7ntq4zYy4 — ANI UP (@ANINewsUP) April 5, 2019
रमते राम रोड से डासना गेट, जटवाड़ा होते हुए मालीवाड़ा चौक पर उनका रोड शो समाप्त होगा। पुलिस और एसपीजी ने सुरक्षा कारणों से रोड शो का रूट छोटा कर दिया है। इससे पहले उनके लिए दूसरा रूट चुना गया था।
कांग्रेसियों ने पहले कार्यक्रम तय किया था कि रोड शो से पूर्व वह दूधेश्वरनाथ मंदिर दर्शन करेंगी और इसके बाद घंटाघर पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो करेंगी। इसके बाद वह नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगी। वहीं, जानकारी सामने आ रही है कि इसे लेकर प्रशासन को अनुमति के लिए पत्र भी दे दिया गया था, लेकिन इसकी अनुमित नहीं मिली है। प्रियंका के निजी सचिव ने कार्यक्रम निर्धारित किया। इसमें घंटाघर से रोड शो शुरू होकर रमते राम रोड होते हुए मालीवाड़ा पर समाप्त होने का कार्यक्रम तय किया गया।
यहां पर बता दें कि कांग्रेस पार्टी की ओर से डॉली शर्मा दिल्ली से सटी यूपी की गाजियाबाद संसदीय सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इससे पहले मेयर के चुनाव में डॉली शर्मा को 120,000 वोट मिले थे और वह भाजपा उम्मीदवार आशा शर्मा के मुकाबले दूसरे स्थान पर रही थीं। उनके पिता नरेंद्र भारद्वाज कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं और उनके दादा भी कांग्रेसी रहे हैं। यहां पर बता दें कि गाजियाबाद के साथ गौतमबुद्धनगर सीट पर 11 अप्रैल को मतदान होना है।