Lok Sabha Elections 2019: नरेंद्र मोदी दिल्ली में आठ मई को चुनावी रैली को करेंगे संबोधित
दिल्ली में दस मई को चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। ऐसे में प्रचार समाप्त होने के दो दिन पहले भाजपा मोदी की रैली में भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाएगी जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Lok Sabha Elections 2019: आम चुनाव-2019 की प्रक्रिया में 12 मई को दिल्ली की सातों सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में चुनाव प्रचार जोर पकड़ा चुकी है। भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार की कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ मई को रामलीला मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली में दस मई को चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।
बताया जा रहा है कि प्रचार समाप्त होने के दो दिन पहले भाजपा मोदी की रैली में भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाएगी जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। दिल्ली के लोगों को रैली में आमंत्रित करने के लिए बृहस्पतिवार को भाजपा प्रत्याशी मेट्रो में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
दिल्ली प्रदेश मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के प्रत्याशी मनोज तिवारी, केंद्रीय मंत्री व चांदनी चौक के प्रत्याशी डॉ. हर्षवर्धन, पूर्वी दिल्ली के प्रत्याशी गौतम गंभीर, नई दिल्ली की प्रत्याशी मीनाक्षी लेखी, पश्चिमी दिल्ली के प्रत्याशी प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, दक्षिणी दिल्ली के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी एवं उत्तर-पश्चिमी के प्रत्याशी हंसराज हंस अपने क्षेत्र में मेट्रो से सफर करेंगे। वे मेट्रो में सफर कर रहे लोगों को प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।