केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे गए दावेदारों के नाम, इन चेहरों पर पार्टी लगा सकती है दांव
lok sabha election प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू का नाम भी दावेदारों की सूची में शामिल हो गया है। दिल्ली प्रदेश के तीनों महामंत्री राजेश भाटिया कुलजीत चहल और रविंद्र गुप्ता ने भी दावा किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रत्याशियों को लेकर भाजपा में मंथन तेज हो गया है। शुक्रवार को दिल्ली भाजपा चुनाव समिति की बैठक भी हुई। बैठक से पूर्व भी लोकसभा प्रभारी निर्मला सीतारमण ने वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की। करीब एक घंटे तक चली बैठक में भावी प्रत्याशियों और वर्तमान सांसदों के नामों को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद हर लोकसभा क्षेत्र से तीन-चार नामों को सूचीबद्ध कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया।
प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू का नाम भी दावेदारों की सूची में शामिल हो गया है। दिल्ली प्रदेश के तीनों महामंत्री राजेश भाटिया, कुलजीत चहल और रविंद्र गुप्ता ने भी दावा किया है। पूर्व विधायक से लेकर पूर्व सांसद और पूर्व महापौर भी दावेदारों में शामिल हैं। पार्टी ने प्रदेश स्तर के दावेदारों के अलावा प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से आए तीन-चार नामों को भेजा है। जिन दावेदारों की सूची केंद्रीय चुनाव समिति को सौंपी गई है, उनमें कोई फिल्मी कलाकार या बड़ी हस्ती शामिल नहीं है। प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता निर्मला सीतारमण और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने की।
स्थानीय कार्यकर्ता को दें टिकट
चुनाव समिति की बैठक में सदस्यों की मांग थी कि जिसे प्रत्याशी बनाया जाए वह स्थानीय कार्यकर्ता हो। समिति ने स्थानीय कार्यकर्ता के अलावा किसी और को प्रत्याशी बनाने का विरोध किया। दिल्ली भाजपा की चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रदेश भाजपा की टीम ने केंद्रीय संगठन महामंत्री रामलाल से भी मुलाकात की।
इन नामों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली-मीनाक्षी लेखी, श्याम जाजू, राजेश भाटिया
चांदनी चौक-डॉ हर्षवर्धन, विजेंद्र गुप्ता, सुधांशु मित्तल, रविंद्र गुप्ता
दक्षिणी दिल्ली-रमेश बिधूड़ी, रामबीर सिंह बिधूड़ी, ब्रह्म सिंह तंवर
पश्चिमी दिल्ली- प्रवेश वर्मा, पवन शर्मा, कमलजीत सहरावत
उत्तर पश्चिमी- डॉ. उदित राज, दुष्यंत गौतम, अशोक प्रधान, अनिता आर्य
पूर्वी दिल्ली- महेश गिरी, ओपी शर्मा, कुलजीत चहल, अमन सिन्हा
उत्तर पूर्वी दिल्ली-मनोज तिवारी, मोहन सिंह बिष्ट, सत्या शर्मा