General Election 2019: AAP नेता ने की राहुल गांधी से अपील, देशहित में लें गठबंधन पर फैसला
गोपाल राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव अकेले दिल्ली के लिए नहीं है यह देश का भविष्य तय करेगा। किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कर्तव्य है कि वह मौजूदा स्थितियों के अनुसार सोचे और निर्णय ले।
नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए उठापटक के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने बृहस्पतिवार को कहा कि राहुल गांधी को देश हित में सीट साझा करने के बारे में निर्णय लेना चाहिए। दिल्ली की प्रदेश इकाई के पीछे से बल्लेबाजी करने के बजाय सामने आकर गठबंधन पर स्पष्ट फैसला लेना चाहिए।
AAP के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि लोकतंत्र को बचाने और दिल्ली के लोगों की आवाज को लोकसभा में मजबूत करने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए AAP की ओर से गठबंधन के लिए एक वैचारिक निर्णय लिया गया है। ये बातें उन्होंने राहुल गांधी की उस टिप्पणी के बाद कही, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस की राज्य इकाई AAP के साथ गठबंधन नहीं चाहती है।
गोपाल राय ने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी राष्ट्रीय स्थिति को समझ नहीं पा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता भी गठबंधन नहीं चाहते हैं। कई नेता व्यक्तिगत रूप से इसके खिलाफ हैं लेकिन, गठबंधन का फैसला राष्ट्रहित के पक्ष में लिया गया।
गोपाल राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव अकेले दिल्ली के लिए नहीं है, यह देश का भविष्य तय करेगा। किसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कर्तव्य है कि वह मौजूदा स्थितियों के अनुसार सोचे और निर्णय ले। राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि वह अपनी राज्य इकाई को समझाएं।