Move to Jagran APP

दूसरे चरण की हाई प्रोफाइल सीटें: वायनाड में राहुल गांधी की अग्निपरीक्षा, छह केंद्रीय मंत्री और 2 पूर्व CM की प्रतिष्ठा दांव पर, लोकसभा अध्यक्ष भी मैदान में

दूसरे चरण में दो पूर्व मुख्यमंत्री और छह केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। राजस्थान के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों के भाग्य का फैसला भी जनता 26 अप्रैल को करेगी। वायनाड से राहुल गांधी दूसरी बार और कोटा से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तीसरी बार मैदान में हैं। हेमा मालिनी की मथुरा सीट और मेरठ से चुनाव लड़ रहे अरुण गोविल पर सबकी निगाहें हैं।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Published: Sun, 21 Apr 2024 07:02 PM (IST)Updated: Fri, 26 Apr 2024 08:58 AM (IST)
लोकसभा चुनाव 2024: दूसरे चरण की इन हाई प्रोफाइल सीटों पर सबकी निगाहें।

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब दूसरे चरण का बिगुल बज चुका है। 26 अप्रैल यानी आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। 13 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन सीटों पर कुल 1206 प्रत्याशी मैदान में हैं। दूसरे चरण में कई दिग्गजों की साख भी दांव पर हैं।... आइए जानते हैं वे हाई-प्रोफाइल सीटें जिन पर होंगी पूरे देश की निगाहें।

loksabha election banner

वायनाड लोकसभा सीट

दूसरे चरण में केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इन्हीं में से एक सीट है वायनाड। यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने 4,31,770 मतों से चुनाव जीता था।

राहुल गांधी के सामने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने महिला प्रत्याशी एनी राजा को उतारा है। वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से पीआर कृष्णनकुट्टी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने राहुल गांधी के खिलाफ के. सुरेंद्रन पर भरोसा जताया है। वायनाड में पांच निर्दलीय समेत कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

राजनांदगांव लोकसभा सीट

छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव लोकसभा सीट दूसरे चरण की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। यहां से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस ने टिकट दिया है। दुर्ग के रहने वाले बघेल की प्रतिष्ठा यहां पर दांव पर है। भूपेश के सामने भाजपा के संतोष पांडेय हैं। बसपा ने यहां देवलाल सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया है। सात निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी राजनांदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 35 साल में दो से 300 पार कैसे पहुंची भाजपा? कांग्रेस ने कितनी बार पार किया ये आंकड़ा, यहां जानें सबकुछ

मान्डया लोकसभा सीट

कर्नाटक की मान्ड्या लोकसभा सीट पर पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी की साख दांव पर है। कुमारस्वामी की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) का लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन हैं। कांग्रेस ने उनके सामने वेंकटरमण गौड़ा को उतारा है। इस सीट पर सात निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।

तिरुअनंतपुरम लोकसभा सीट

केरल की तिरुअनंतपुरम सीट की चर्चा भी पूरे देश में है। यहां से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर से उनका मुकाबला है।

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने पन्न्यन रविंद्रन को टिकट दिया है। बसपा से एडवोकेट राजेंद्रन भी चुनावी समर में उतरे हैं। सात निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी यहां से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

जोधपुर लोकसभा सीट

राजस्थान की जोधपुर लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार चुनाव में उतरे हैं। बसपा से मंजू मेघवाल और कांग्रेस से करण सिंह उचियारड़ा की चुनौती शेखावत के सामने है। जोधपुर सीट पर छह निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

कोटा लोकसभा सीट

राजस्थान की कोटा लोकसभा सीट से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले वे 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव इस सीट से जीत चुके हैं। ओम बिरला के सामने कांग्रेस ने प्रहलाद गुंजल को टिकट दिया है। बसपा से धनराज यादव भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सीट पर नौ निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें इस वजह से हैं कि यहां से केंद्रीय मंत्री रहे डॉ. महेश शर्मा तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने डॉ. महेंद्र सिंह नागर को टिकट दिया है। बसपा से राजेंद्र सिंह सोलंकी प्रत्याशी हैं। यहां से चार निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

अट्टिंगल लोकसभा सीट

केरल की अट्टिंगल लोकसभा सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन की प्रतिष्ठा दांव पर है। कांग्रेस ने उनके सामने अडूर प्रकाश को अपना प्रत्याशी बनाया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से एडवोकेट वी जॉय और बसपा से एडवोकेट सुरभि एस अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीन निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी इस सीट पर उतरे हैं।

झालावाड़-बारा लोकसभा सीट

राजस्थान की झालावाड़-बारा लोकसभा सीट को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गढ़ माना जाता है। 2009 से अब तक यहां से वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह सांसद हैं। दुष्यंत सिंह चौथी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने उर्मिला जैन और बसपा ने चंद्र सिंह किराड़ को उतारा है। तीन निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी यहां चुनाव लड़ रहे हैं।

जालोर लोकसभा सीट

राजस्थान की जालोर लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वैभव के सामने भाजपा ने लुंबाराम को उतारा है। छह निर्दलीय समेत 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

मथुरा लोकसभा सीट

उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं। वजह फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी हैं। भाजपा ने मथुरा सीट से हेमा मालिनी को तीसरी बार उतारा है। वे दो बार यहां से जीत भी दर्ज कर चुकी हैं। हेमा मालिनी के सामने कांग्रेस के मुकेश धनगर और बसपा के सुरेश सिंह की चुनौती है। मथुरा सीट पर 10 निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

मेरठ लोकसभा सीट

रामायण के 'राम' अरुण गोविल उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट पर भाजपा की टिकट पर अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके सामने सपा ने सुनीता वर्मा और बसपा ने देवव्रत कुमार त्यागी को उतारा है। यहां से कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

मैसूर लोकसभा सीट

कर्नाटक की मैसूर लोकसभा सीट पर भाजपा ने पूर्व राजपरिवार के सदस्य पर भरोसा जताया है। भाजपा की टिकट पर यादुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस ने अपने राज्य प्रवक्ता एम, लक्ष्मण को उतारा है। इस सीट पर आठ निर्दलीय समेत 18 प्रत्याशी मैदान में हैं।

बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट

भाजपा के युवा सांसद तेजस्वी सूर्या की साख बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट पर दांव पर है। तेजस्वी ने पिछला चुनाव यहां से जीता था। कांग्रेस ने यहां सौम्या रेड्डी को टिकट दिया है। इस सीट पर 12 निर्दलीय समेत कुल 22 प्रत्याशी मैदान में हैं।

पूर्णिया लोकसभा सीट

इस चुनाव में बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट शुरुआत से ही चर्चा में रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने यहां बीमा भारती को उतारा है। कांग्रेस की टिकट पर पप्पू यादव चुना लड़ना चाहते हैं लेकिन राजद से बात नहीं बनी। अब इसी सीट से राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव निर्दलीय उतरे हैं। बसपा से अरुण दास मैदान में हैं। यहां कुल सात प्रत्याशी चुनाव में हैं।

टीकमगढ़ लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ सीट पर सबकी निगाहें हैं। यहां से केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार चुनाव मैदान में हैं। सात बार के सांसद वीरेंद्र कुमार के सामने कांग्रेस ने खुमान उर्फ पंकज अहिरवार को उतारा है। बसपा से अहिरवार दल्लूराम चुनाव मैदान में हैं। यहां दो निर्दलीय समेत कुल सात प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

बाड़मेर लोकसभा सीट

राजस्थान की बाड़मेर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी भाजपा की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार रवींद्र सिंह भाटी और कांग्रेस उम्मीदवार उम्मेदा राम बेनीवाल से है।

बेंगलुरू उत्तर लोकसभा सीट

बेंगलुरू उत्तर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने कांग्रेस ने प्रोफेसर एमवी राजीव गौड़ा को उतारा है। बसपा ने गोविंदैया को टिकट दिया है। इस सीट पर आठ निर्दलीय समेत कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें: 12 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण में मतदान, यहां देखें- किस राज्य में कहां-कहां होगी वोटिंग


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.