Lok Sabha Election 2019: अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने दिल्ली में भाजपा के लिए किया चुनाव प्रचार
फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने रविवार को राजधानी दिल्ली में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने दिल्ली के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वोट देने की अपील की।
नई दिल्ली, प्रेट्र। फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने रविवार को राजधानी दिल्ली में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने दिल्ली के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वोट देने की अपील की। कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना कांग्रेस का नाम लिये कहा कि पिछले सत्तर सालों में एक पार्टी ने देश को लूटा है।
पीएम मोदी की बायोपिक 'पीएम नरेंद्र मोदी' में मुख्य भूमिका निभाने वाले विवेक ओबेरॉय ने कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में जब पहुंचे तो अपने भाषण से पहले फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के मशहूर डॉयलॉग हाउ इज द जोश से की। उन्होंने लोगों से कहा कि दिल्ली की सभी सातों सीटें भाजपा को मिलनी चाहिए।
इससे पहले शनिवार शाम इंडिया गेट के लॉन से 'सातों सीटें मोदी को' कैंपेन का आगाज किया गया। विधायक कपिल मिश्रा द्वारा शुरू किए गए इस कैंपेन में फिल्म अभिनेता विवेक ओबराय और भाजपा के बेंगलुरु साउथ प्रत्याशी तेजस्वी सूर्य भी शामिल हुए। कैंपेन के तहत मशाल जुलूस भी निकाला गया।
अभिनेता विवेक ओबराय ने कहा कि दिल्ली पूरे जोश में नजर आ रही है। हिंदुस्तान का दिल दिल्ली और दिल्ली का दिल मोदी के लिए धड़क रहा है। उन्होंने लोगों से सातों सीटें मोदी को का नारा भी लगवाया। उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में भारत ने पुलवामा हमले का बदला लिया। सर्जिकल स्ट्राइक एवं एयर स्ट्राइक किया। आतंकी मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया गया।
विवेक ओबराय ने कहा कि मोदी विगत पांच सालों से बिना थके लगातार देश के लिए काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि प्रत्येक दिल्लीवासी को अगले सात दिन जमकर प्रचार करना है एवं मोदी को सातों सीटें जितवानी है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप