Lok Sabha Election 2019: हैट्रिक के लिए पीएन सिंह ने धनबाद से भरा नामजदगी का पर्चा
पीएन सिंह भाजपा के टिकट पर 2009 और 2014 में धनबाद से लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। एक बार फिर भाजपा नेतृत्व ने सिंह पर विश्वास करते हुए धनबाद से प्रत्याशी बनाया है।
धनबाद, जेएनएन। सांसद पीएन सिंह ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र से तीसरी बार जीत के लिए ताल ठोक दिया है। उन्होंने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी के रूप में धनबाद लोकसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। सिंह ने नामांकन पत्र उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे को साैंपा।
पीएन सिंह भाजपा के टिकट पर 2009 और 2014 में धनबाद से लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। एक बार फिर भाजपा नेतृत्व ने उनपर विश्वास करते हुए धनबाद से प्रत्याशी बनाया है। अबकी उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद से है। नामांकन के लिए घर से निकलने के बाद सिंह ने पहले शक्ति मंदिर में जाकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय में जाकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस माैके पर धनबाद के विधायक राज सिन्हा, भाजपा नेता महावीर पासवान, अजय त्रिवेदी आदि उपस्थित थे।
नामांकन के बाद सिंह ने दावा किया कि धनबाद में भाजपा की जीत तय है। नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता उन्हें भारी मतों से चुनाव जिताएगी।