VIDEO: BJP नेता ने कहा- आतंकवाद तो प्यार, तपस्या और बलिदान का प्रतीक होता है
भाजपा के मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वह भगवा आतंकवाद का बचाव कर रहे थे। इसी दौरान उनकी जुबान से वाक्य निकल गया जो खूब वायरल हो रहा।
भोपाल, एएनआई। लोकसभा चुनाव 2019 में मतदाताओं को रिझाने और विरोधियों पर हमला करने में नेता इतने खोए हुए हैं कि उन्हें अंदाजा भी नहीं लग पा रहा कि वह क्या का क्या बोल जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश से सामने आया है। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की एक चुनावी जनसभा में जुबान फिसल गई और फिर अर्थ का अनर्थ हो गया।
रैली में लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा दिया कि आतंकवाद तो प्यार, तपस्या और बलिदान का प्रतीक होता है। उनका पूरा भाषण सुनने पर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह आतंकवाद की जगह भगवा कहना चाहते थे। राकेश सिंह ने कहा था, ‘भगवा कभी आतंकवाद नहीं होता। भगवा धारण करने वाला कभी आतंकवादी नहीं होता।’ इसके बाद वह बोल गए ‘आतंकवाद तो प्यार, तपस्या और बलिदान का प्रतीक होता है।’ इसके बाद से उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
#WATCH Madhya Pradesh BJP President Rakesh Singh says, "Bhagvaa kabhi aatankwad nahi hota, bhagva dhaaran karne wala kabhi aatankwadi nahi hota, aatankwad to pyaar, tapasya aur balidaan ka prateek hota hai..." pic.twitter.com/7BzK5LhhNQ — ANI (@ANI) April 24, 2019
मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह हिंदू आतंकवाद पर बोल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि तुम क्या जानों भगवा कभी आतंकवाद नहीं होता। आगे उन्होंने कहा जब चुनाव का वक्त आता है तब कांग्रेस के नेता और ये दिग्गविजय सिंह स्वयं जगह-जगह पर इसी भगवा कि शरण में माथा टेकते हुए दिखाई देते हैं।
मालूम हो कि मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर उनका मुकालबा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से होगा। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर 2008 मालेगांव धमाकों के आरोप हैं। इस मामले में उनके खिलाफ मुंबई की विशेष एनआईए कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। मालेगांव धमाकों के बाद विपक्ष ने जोर-शोर से भगवा आतंकवाद का मुद्दा उठाया था। विपक्ष का प्रयास था कि भगवा आतंकवाद के जरिेए वह भाजपा और आरएसएस पर कटघरे में खड़ा कर सके। उसी भगवा आतंकवाद के आरोपों पर भाजपा नेता राकेश सिंह अपनी जनसभा में सफाई दे रहे थे।