Loksabha Election 2019 : चंदौली में मायावती, अखिलेश और अजीत सिंह की जनसभा
सातवें चरण में मतदान होना है इसके लिए चुनाव प्रचार देर शाम समाप्त हो जाएगा इससे पूर्व शुक्रवार काे सपा बसपा गठबंधन की ओर से चंदौली में जनसभा हो रही है।
चंदौली, जेएनएन। पूर्वांचल में अंतिम सातवें चरण में मतदान होना है इसके लिए चुनाव प्रचार देर शाम समाप्त हो जाएगा, इससे पूर्व शुक्रवार काे सपा बसपा गठबंधन की ओर से चंदौली में जनसभा हो रही है। जनसभा में गठबंधन के सपा प्रत्याशी संजय चौहान के पक्ष में शुक्रवार की दोपहर बाद सपा और बसपा की साझा जनसभा आयोजित हो रही है। इसमें बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद के अजीत सिंह जनता को संबोधित करने पहुंचे।
मायावती ने केंद्र पर साधा निशाना
चंदौली की जनसभा में बसपा मुखिया मायावती ने केंद्र सरकार के साथ ही कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कांग्रेस अपनी ही नीतियों की वजह से देश और राज्यों में सत्ता से दूर है। आजादी के बाद लंबे अरसे तक कांग्रेस बहुमत में रही मगर देश का सही दिशा में विकास नहीं हो सका। दोनों ही सरकारों में कानून का लाभ दलितों और पिछडों को नहीं मिल सका। डा. आंबेडकर की बातों को भी उन्होंने जोडा और कहा कि सही मायनों में कानून का फायदा लेना है तो केंद्र में सत्ता की चाबी अपने हाथ में लेना होगा। इसी मंशा के साथ ही बसपा का गठन हुआ और इसके बाद सपा का भी गठन हुआ है। आज भाजपा जो कर रही है उसके लिए कांग्रेस भी उतनी ही जिम्मेदार है।
वर्तमान में पीएम मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव में गरीब, कमजोर व मध्यम वर्ग के लिए वादे किए उसका काम नहीं हो सका। बडे पूंजीपतियों व धन्ना सेठों को बचाने के लिए उनकी चौकीदारी करनी पड रही है। अब देश के किसान शुरु से समस्याओं को लेकर दुखी हैं। भाजपा सरकार में भी जातिवादी व पूंजीपति सोच की वजह से गरीबों दलितों और आदिवासियों का कोई विकास नहीं हो सका है। पूरे देश में दलितों आदिवासियों व पिछडों का आरक्षण का कोटा अधूरा है।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
चंदौली में सपा बसपा गठबंधन के प्रत्याशी संजय चौहान के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि- देश ने पांच साल दिल्ली और दो साल यूपी का देखा है। देश के लोगों ने इस दौरान तकलीफ और परेशानी झेली है। सरकार ने देश को धोखा दिया है। व्यापारी हों या छोटे कारोबारी, नोटबंदी के बाद पैसा जमा दिया अब पुराना पैसा किसी के पास नहीं। नोटबंदी के बहाने धोखा दिया। नोटबंदी से कहा आतंकवाद और नक्सलवाद बंद होगा मगर नहीं हुआ। यूपी के तमाम हिस्से में किसानों को चौकीदार बनकर अपनी फसल की रखवाली करनी पड रही है। लागत का डेढ़ गुना मुनाफा नहीं मिला। आय दोगुनी करना चाहते थे मगर सरकार कोई जवाब नहीं दे रही। खाद की बोरी में पांच किलो चोरी हो गई। गैस चूल्हा महंगा हो गया। हालात ऐसे हैं जिस भी परिवार में गैस पहुंचा दोबारा नहीं भरवा पाया।
एक दिन पूर्व ही तैयारियां पूरी
साझा प्रत्याशी संजय चौहान के समर्थन में आयोजित जनसभा से एक दिन पूर्व ही सभास्थल पूरी तरह बनकर तैयार हो गया। सुबह से ही आयोजन स्थल पर कार्यकर्ताओं का आना भी शुरू हो चुका था। जनसभा में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने को सपा और बसपा दोनों दलों के स्थानीय नेता जनसंपर्क में जुटे थे। दोपहर की कड़ी धूप में भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप