लोकसभा चुनाव 2019: राहुल से नजदीकी ने दिलाया 'तुरुप का इक्का'
कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से नजदीकी ने उनके टिकट की राह आसान कर दी।
पौड़ी, जेएनएन। लोकसभा की पौड़ी गढ़वाल संसदीय सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से नजदीकी ने उनके टिकट की राह आसान कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी के पुत्र मनीष ने हाल में ही कांग्रेस का हाथ थामा था। कांग्रेस उन्हें मैदान में उतारकर पूर्व मुख्यमंत्री खडूड़ी की राजनीतिक विरासत भुनाने की जुगत में है। यह भी मनीष को टिकट देने की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
मनीष का राजनीतिक अनुभव भले ही शून्य हो, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद खंडूड़ी का पुत्र होना उनके टिकट को पक्का कर गया। फेसबुक में भारत के लिए समाचार साझेदारी करने वाले विभाग के प्रमुख मनीष ने पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत की। व्यापार जगत से जुड़ी खबरों के माहिर मनीष ने कई समाचार पत्रों और एजेंसियों में भी कार्य किया।
2018 में वह फेसबुक से जुड़े और इसी दौरान वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के संपर्क में आए। राजनीतिक परिवार से ताल्लुक होने के कारण मनीष की राहुल गांधी से काफी नजदीकियां भी रहीं। इसी के चलते राहुल गांधी ने मनीष को कांग्रेस में शामिल करने का दांव चला और पौड़ी सीट से ही उन्हें मैदान में उतार दिया।
मनीष को 16 मार्च को देहरादून रैली में शामिल कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह संकेत दे दिए थे कि पौड़ी सीट के लिए उन्हें तुरुप का इक्का मिल गया है। इस सबके चलते मनीष अन्य दावेदारों पर भारी पड़े। बता दें कि पौड़ी संसदीय सीट पर दो दशक में हुए पांच लोकसभा चुनाव और एक उपचुनाव में मात्र एक बार ही यह सीट कांग्रेस की झोली में आई है। ऐसे में मनीष को मैदान में उतार कांग्रेस ने सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी की सियासी विरासत को भुनाने की जुगत में भी है। उनके दांव को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।
एक परिचय
नाम: मनीष खंडूड़ी
पिता का नाम: भुवन चंद्र खंडूड़ी
माता का नाम: श्रीमती अरुणा खंडूड़ी
मूल निवासी: विकास मार्ग, पौड़ी
शिक्षा: नार्थ वेस्टर्न यूनिवर्सिटी के केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से स्नातक
व्यवसाय: पत्रकारिता (व्यापार जगत) से शुरूआत। तदुपरांत भारत व अमेरिका में मीडिया उद्योग में ऑनलाइन, मोबाइल, टेलीविजन व प्रिंट मीडिया में बड़े पदों पर कार्य। वर्तमान में फेसबुक में समाचार साझेदारी प्रमुख।
राजनीतिक करियर: 16 मार्च 2018 को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मौजूदगी में थामा कांग्रेस का हाथ। अब कांग्रेस ने पौड़ी सीट से प्रत्याशी बनाया।
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2019: प्रीतम सिंह के कद पर कांग्रेस को है पूरा भरोसा
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव: राहुल के वीटो ने किया हरीश रावत का रास्ता साफ
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी