Jalaun Loksabha Result 2019 : भाजपा के भानु प्रताप वर्मा को जनता ने फिर से पहनाया ताज
गठबंधन प्रत्याशी अजय सिंह पंकज को 157377 मतों से हराया कांग्रेस के ब्रजलाल खाबरी तीसरे स्थान पर रहे।
जालौन, जेएनएन। जालौन-गरौठा-भोगनीपुर लोकसभा क्षेत्र में मोदी मैजिक के आगे प्रतिद्वंद्वी पस्त हो गए। गुरुवार देर शाम आए नतीजों में भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप वर्मा ने 1,57,377 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 5,80,534 मत मिले, जबकि गठबंधन से बसपा प्रत्याशी अजय सिंह पंकज 4,23,157 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी बृजलाल खाबरी को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। उन्हें 89,555 मत मिले। भानु प्रताप वर्मा पांचवीं बार संसद पहुंचने में सफल रहे। मतों की गणना में सुबह से ही बढ़त बनाकर चल रहे भानु अंत तक जीत की ओर अग्रसर बने रहे। किसी भी राउंड में प्रतिद्वंद्वी आगे नहीं निकल सके।
जालौन-गरौठा संसदीय सीट पर भाजपा ने सांसद भानु प्रताप वर्मा को टिकट देकर दोबारा दांव खेला था, उन्होंने पार्टी का भरोसा कायम रखते हुए फिर जीत दर्ज की है। संसदीय सीट पर ईवीएम और पोस्टल बैलट से 11 लाख 28 हजार 424 वोट पड़े थे। 17वीं लोकसभा के लिए जालौन के उरई मुख्यालय स्थित नवीन गल्ला मंडी में बने मतगणना स्थल पर सुबह आठ बजे तय समय पर मतों की गणना शुरू हुई तो सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई। इसी के साथ भाजपा के लिए शुभ संदेश मिलने लगे। हर चक्र में भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाते चले। हालांकि बसपा प्रत्याशी अजय सिंह पंकज ने पीछा नहीं छोड़ा। जालौन की तीन विधानसभा सीटों पर पीछे रहने के बावजूद कानपुर देहात के भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने उनका चेहरा कुम्हलाने नहीं दिया। कांग्रेस प्रत्याशी बृजलाल खाबरी पार्टी की खिसकी जमीन पर अपने पैर मजबूती से नहीं गड़ा पाए और काफी वोटों से पीछे होते चले गए। मतगणना शुरू होने के ढाई घंटे बाद पहुंचे बृजलाल खाबरी कुछ देर ही वहां रुके और फिर बाहर निकल गए। जबकि झांसी-कानपुर हाईवे किनारे एक ढाबे पर भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप वर्मा समर्थकों संग डेरा जमाए रहे और मोबाइल पर ही अपडेट लेकर चेहरे पर मुस्कान बिखरते दिखे।
प्रत्याशियों को मिले मत
भानु प्रताप वर्मा, भाजपा - 5,80,534
अजय सिंह पंकज, बसपा - 4,23,157
बृजलाल खाबरी, कांग्रेस - 89,555
समर्थकों ने माला पहना किया स्वागत, मनाया जश्न
भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप वर्मा की जीत की घोषणा होते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। भाजपाइयों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया और एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। भानु वर्मा भी समर्थकों के साथ मतगणना स्थल से बाहर आए। सुबह से बढ़त बनाये रहने के चलते जीत को लेकर आश्वस्त समर्थकों ने जश्न पूरी तैयारी कर ली थी। देर शाम भाजपाई झूमते नजर आए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप