Loksabha Election 2019: विपक्षी एकता के लिए मायावती-अखिलेश से मिले नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा तेलुगू देशम पार्टी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू चुनाव नतीजे सामने आने से पहले एक बार फिर भाजपा के खिलाफ महागठबंधन को एकजुट करने में जुट गए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद विपक्ष को एक मंच पर एक साथ लाने का उद्देश्य लेकर देश भर में भ्रमण कर रहे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि नायडू ने गठबंधन के नेताओं से विपक्षी एकता के लिए कांग्रेस के साथ आने का आग्रह किया और इसे समय की जरूरत बताई। इससे पहले आज सुबह नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ दिल्ली में मुलाकात की थी।
नायडू लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद बनने वाली संभावनाओं को लेकर देश भर में विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं से मिल रहे हैैं। उनकी कोशिश विपक्षी एकता के लिए सभी दलों को एक साथ लाने की है। इसे लेकर वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और एनसीपी नेता शरद पवार से भी मिल चुके हैैं। इसी क्रम में वह शनिवार को बसपा व सपा अध्यक्षों से मुलाकात के लिए लखनऊ में थे।
गठबंधन नेताओं से उनकी मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि विपक्षी एकता के लिए सपा-बसपा को कांग्रेस के साथ आना होगा, जबकि बीते दिनों चुनाव प्रचार के दौरान गठबंधन के दोनों नेता कांग्रेस पर खासे हमलावर रहे हैैं।
शनिवार शाम करीब पांच बजे विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा मुख्यालय पहुंचे नायडू ने अखिलेश यादव के साथ बंद कमरे में करीब एक घंटे तक वार्ता की। अखिलेश से मिलने के बाद नायडू माल एवेन्यू स्थित बसपा सुप्रीमो मायावती के बंगले पर पहुंचे। मायावती से भी नायडू की लगभग एक घंटे की मुलाकात रही। नायडू ने गठबंधन के नेताओं को तोहफे में आम दिए। नायडू से मायावती और अखिलेश की मुलाकात के बाद गठबंधन के नेताओं के रुख की ओर सबकी नजरें टिकी हैैं। विपक्षी एकता के लिए पहले 21 मई को दिल्ली में देश भर के राष्ट्रीय व क्षेत्रीय दलों की बैठक बुलाने की तैयारी थी लेकिन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कहने पर अब चुनाव परिणाम आने के बाद इस बैठक की तैयारी की जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप