लाेकसभा चुनाव : पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस के सात प्रत्याशी घाेषित, पटियाला से धर्मवीर गांधी
Loksabha Election 2019 की घोषणा होते ही पंजाब डेमोक्रेअिक अलायंस ने अपने सात उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आप से बर्खास्त सांसद डाॅढ धर्मवीर गांधी इस बार भी पटियाला से चुनाव लड़ेंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों का बंटवारा करने के बाद सात उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। भारतीय साम्यवादी पार्टी (सीपीआइ) और रेवोल्यूशनरी मार्क्सवादी पार्टी ऑफ इंडिया (आरएमपीआइ) भी गठबंधन का हिस्सा बन गई हैं।
वामपंथी पार्टियों के हिस्से दो सीटें आई हैं, जिनमें फिरोजपुर से सीपीआइ और गुरदासपुर से आरएमपीआइ के उम्मीदवार मैदान में होंगे। लोक इंसाफ पार्टी के हिस्से श्री फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और अमृतसर की सीटें आई हैं। बहुजन समाज पार्टी को भी तीन सीटें मिली हैं। इनमें श्री आनंदपुर साहिब, होशियारपुर और जालंधर शामिल हैं। पंजाबी एकता पार्टी को फरीदकोट, खडूर साहिब और बठिंडा सीटें दी गई हैं। संगरूर पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया।
पंजाबी एकता पार्टी के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने बताया कि पंजाब एकता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, लोक इंसाफ पार्टी, डॉ. धर्मवीर गांधी का पंजाब मंच, सीपीआइ और आरएमपीआइ का सीटों पर समझौता हो गया है। टकसाली अकाली दल ने पहले ही दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। उन्होंने गठबंधन तोड़ दिया था। बठिंडा से लडऩे के सवाल पर खैहरा ने कहा कि अभी फैसला लिया जाना है। खैहरा ने कहा हरसिमरत के बठिंडा की बजाय फिरोजपुर से लडऩे की चर्चा है। उन्होंने नैतिक रूप से हार मान ली है।
कहां से कौन प्रत्याशी
-पटियाला: धर्मवीर गांधी
-खडूर साहिब: परमजीत कौर खालड़ा
-फरीदकोट: मास्टर बलदेव सिंह जैतो
-श्री फतेहगढ़ साहिब: मनमिंदर सिंह ग्यासपुरा
-श्री आनंदपुर साहिब: बिक्रम सिंह सोढी
-होशियारपुर: ख़ुशी राम (पूर्व पीसीएस)
-जालंधर: बलविंदर कुमार (पत्रकार)