Loksabha Election 2019 : राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री में इस बार गुब्बारे की अहमियत बढ़ी
राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री में इस बार गुब्बारे की अहमियत बढ़ी है। नमो टीशर्ट के साथ ही बैलून अंगूठी और हैंड बैंड की पार्टी कार्यालयों के बाहर स्थित दुकानों पर भरमार है।
लखनऊ [आशीष त्रिवेदी]। राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री में इस बार गुब्बारे की अहमियत बढ़ी है। नमो टीशर्ट के साथ ही बैलून, अंगूठी और हैंड बैंड की पार्टी कार्यालयों के बाहर स्थित दुकानों पर भरमार है। माता-पिता को रिझाने के लिए बच्चों के लिए खिलौने भी हैं।
प्रचार सामग्री
कहते हैं, अगर गाय को दुहना है तो बछड़े को पुचकारो...। जी हां, लोकसभा के प्रचार अभियान में इसी फलसफे पर राजनीतिक पार्टियां चलती नजर आ रही हैैं। मम्मी-पापा का वोट खींचने के लिए उनकी निगाह बच्चों पर भी है, भले ही वह वोटर हों या न हों। उनके खुश होने से घर का वोट मिल सकता है। यही वजह है कि प्रचार सामग्रियों में वे चीजें भी शामिल हैैं, जो आम तौर पर पहले नहीं नजर आती थीं।
भाजपा, कांग्रेस, सपा-बसपा गठबंधन सहित छोटी पार्टियों ने बैलून (गदा के आकार का), हैंड बैंड, प्लास्टिक की अंगूठी के साथ-साथ कई चीजें प्रचार सामग्री में शामिल की हैं। वहीं भाजपा ने इससे और आगे बढ़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा एग्जाम फोबिया दूर करने के लिए लिखी गई किताब एग्जाम वॉरियर्स, नमो अगेन टीशर्ट आदि प्रचार सामग्री में शामिल किया है।
नमो जैकेट और एग्जाम वॉरियर्स की बूम
भाजपा कार्यालय में प्रचार सामग्री की मॉडर्न दुकान है। एकदम शोरूम की तरह। इसमें सामग्री बेच रहे प्रशांत सिंह ने बताया कि नमो जैकेट की डिमांड बहुत है। इसकी कीमत 800 रुपये है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा लिखी किताब एग्जाम वॉरियर्स की अच्छी डिमांड है, यह 100 रुपये की है। इसमें बोर्ड, स्कूल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में बताया गया है। नमो अगेन, एक देश एक आवाज और नमो फिर एक बार की टीशर्ट 200 व 300 रुपये की हैं। जैकेट सरीखी हुडी 500, ब्रेसलेट, नमो पेन और पैड भी है।
बैलून, अंगूठी और हैंड बैंड की डिमांड
कांग्रेस, सपा-बसपा गठबंधन, रालोद, समेत कई दलों ने बैलून (गदा के आकार में) को स्पेशल आर्डर देकर बनवाया है। यह 30 रुपये का है। प्रचार सामग्री बेच रहे शशि सक्सेना बताते हैं कि कई भावी प्रत्याशी टीशर्ट पर अपनी फोटो भी छपवा रहे हैं। कांग्रेस में झंडे-बैनर व बैलून में प्रियंका गांधी व राहुल गांधी के साथ-साथ सोनिया गांधी भी हैं। वहीं सपा बसपा गठबंधन के झंडे में मायावती व अखिलेश की फोटो है। बड़े झंडे दोनों पार्टियों के अलग-अलग लगेंगे।
रैलियों में 140 फीट ऊपर लहराएगा एयर बैलून
इस बार की चुनावी रैलियों में भी स्पेशल बैलून नजर आएंगे। होर्डिंग के साथ ही राजनीतिक दल 60 हजार रुपये वाले बहुत बड़े आकार के एयर बैलून का खूब आर्डर दे रहे हैं। यह रैली स्थल पर 140 फीट ऊपर हवा में लहराएगा।