छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया को तोहफा, बेटे तनुज पुनिया को बाराबंकी से लोकसभा का टिकट
छत्तीसगढ़ के प्रभारी पीएल पुनिया के बेटे तनुज पुनिया को कांग्रेस ने बाराबंकी सुरक्षित क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाया है।
लखनऊ, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया को पार्टी ने बड़ा तोहफा दिया है। छत्तीसगढ़ के प्रभारी पीएल पुनिया के बेटे तनुज पुनिया को कांग्रेस ने बाराबंकी सुरक्षित क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने कल देर रात उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। इसमें उत्तर प्रदेश से सिर्फ एक प्रत्याशी का नाम है। कांग्रेस ने बाराबंकी सुरक्षित संसदीय सीट से तनुज पुनिया को प्रत्याशी बनाया है। तनुज, कांगे्रस के छत्तीसगढ़ प्रभारी और सीडब्ल्यूसी सदस्य पीएल पुनिया के बेटे हैैं। कांग्रेस की कल घोषित तीसरी सूची में वैसे तो 18 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं, लेकिन उनमें उत्तर प्रदेश से एक मात्र बाराबंकी सीट के प्रत्याशी का नाम है। बाराबंकी सुरक्षित सीट से पीएल पुनिया सांसद रह चुके हैैं। मोदी लहर में पिछला चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ने पुनिया को राज्यसभा सदस्य बनाया। राज्यसभा सदस्य के तौर पर पुनिया का कार्यकाल अगले वर्ष 25 नवंबर तक का है। पार्टी के पीएम पुनिया को दूसरे राज्य का दायित्व सौंपने के बाद से उनके बेटे तनुज बाराबंकी में सक्रिय रहे हैैं। सपा ने इस सीट से सामसागर रावत को उम्मीदवार बनाया है।
सेवानिवृत आइएएस पीएल राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष होने के साथ ही कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य हैैं। पुनिया ने 2014 में बाराबंकी से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। पुनिया मायावती के साथ मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री भी रहे थे। इसके बाद बसपा प्रमुख मायावती के बेहद करीबी थे। सेवानिवृत होने के बाद पीएम पुनिया कांग्रेस में शामिल हुए और 2009 के लोकसभा चुनाव में बाराबंकी से सांसद चुने गए।
तनुज पुनिया को टिकट मिलने का भरोसा भी था। वह काफी दिन से बाराबंकी में लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपना जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है। वह लगातार भाजपा से सांसद प्रियंका रावत पर हमला भी बोल रहे हैं। उनका आरोप है कि स्थानीय सांसद विकास निधि लोकसभा क्षेत्र में सडक, बिजली, पानी के साथ-साथ आवाम की समस्याओं के निराकरण के लिये होती है। भाजपा सांसद ने विकास निधि का पैसे से विकास न करके साबित कर दिया है कि भाजपा का विकास से कोई वास्ता नही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में तनुज पुनिया को कांग्रेस से बाराबंकी के जैदपुर (सुरक्षित) क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था। 34 वर्षीय तनुज को भाजपा के उपेन्द्र रावत ने शिकस्त दी थी। वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता भी हैं।
तनुज पुनिया को टिकट देने के साथ ही कांग्रेस ने राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 28 पर प्रत्याशी तय कर दिए हैैं। पहली सूची में जहां 11 के नाम घोषित किए गए थे वहीं 13 मार्च को जारी दूसरी सूची में 16 और प्रत्याशियों की घोषणा की गई थी। अब तक घोषित प्रत्याशियों में जहां कुछ पुराने दिग्गज हैैं तो कुछ दलबदलू पूर्व सांसदों को भी कांग्रेस ने टिकट दिया है। इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार को दूसरी लिस्ट जारी की थी। जिसमें उत्तर प्रदेश से 16 प्रत्याशियों के नामों के नाम थे। इसमें कांग्रेस ने कानपुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को टिकट दिया था। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर को मुरादाबाद से उम्मीदवार बनाया था।