Loksabha Election 2019 : लखनऊ से प्राइवेट प्लेन से सपरिवार इटावा पहुंचे मुलायम सिंह यादव ने किया मतदान
मुलायम सिंह यादव आज लखनऊ से चार्टर प्लेन से इटावा की सैफई हवाई पट्टी पर उतरे। उनके साथ विमान में पत्नी साधना व पुत्रवधू अपर्णा भी थीं।
इटावा, जेएनएन। चुनावों में नारा लगता है ''जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है" तो वाकई में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का जलवा कायम है। मैनपुरी से सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव आज इटावा में मतदान करने पहुंचे।
मुलायम सिंह यादव आज लखनऊ से चार्टर प्लेन से इटावा की सैफई हवाई पट्टी पर उतरे। उनके साथ विमान में पत्नी साधना व पुत्रवधू अपर्णा भी थीं। मुलायम सिंह यादव ने सपरिवार सैफई में वोट डाला। सैफई मतदान केंद्र जसवंतनगर विधानसभा में है। जसवंतनगर विधानसभा मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में है, जहां से मुलायम सिंह यादव गठबंधन के प्रत्याशी हैं। इस दौरान पत्नी साधना गुप्ता, दोनों बहु मतदान के दौरान मुलायम सिंह यादव के साथ उनके पुत्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा बहु डिंपल यादव व अपर्णा यादव भी थीं। मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह यादव भी मुलायम सिंह के साथ मतदान केंद्र में थे।
मुलायम सिंह यादव प्राइवेट प्लेन से बहू अपर्णा, पत्नी साधना गुप्ता के साथ लखनऊ से सैफई पहुंचे थे। अखिलेश यादव पत्नी डिंपल के साथ पहले से ही मतदान स्थल अभिनव स्कूल पर मौजूद थे। मुलायम सिंह के पहुंचते ही अखिलेश व डिंपल ने मुलायम और साधना के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद परिवार ने एक साथ मतदान किया। अखिलेश और डिंपल पहले ही मतदान कर चुके थे। मतदान से पहले अखिलेश यादव ने मुलायम के पैर छूकर कहा कि नया स्कूल बन गया है। दरअसल अखिलेश सरकार ने सैफई के प्राइमरी स्कूल को अभिनव स्कूल में बदला है।
मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से पांचवीं बार लोकसभा का लड़ रहे हैं। उन्होंने मैनपुरी में मायावती के साथ एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि इस बार वे आखिरी चुनाव लड़ रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस दौरान मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि ईवीएम में खराबी सामने आ रही है। इसके बाद भी सपा-बसपा गठबंधन भाजपा का सफाया कर देगा। आज तीसरे चरण के चुनाव में रामपुर से लेकर मैनपुरी तक भाजपा का सफाया हो रहा है। देश में 23 मई को नया प्रधानमंत्री शपथ लेगा।
प्रधानमंत्री पद की दावेदार बसपा प्रमुख मायावती के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री कहीं से भी हो सकता है। फिरोजाबाद में शिवपाल सिंह यादव के बारे में उन्होंने कहा कि वहां से सपा के प्रत्याशी अक्षय यादव जीत रहे हैं। मैनपुरी से नेताजी मुलायम सिंह यादव भारी मतों से चुनाव जीत रहे हैं।