Loksabha Election 2019 : इलाहाबाद से किन्नर अखाड़ा की मां भवानी आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी
आम आदमी पार्टी ने इलाहाबाद से किन्नर अखाड़ा की भवानी मां आजमगढ़ लालगंज से अजीत सोनकर संभल से अंजू सैनी व कानपुर देहात से आशुतोष ब्रह्मचारी को प्रत्याशी बनाया है।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों में गठबंधन के प्रयास में जुटी आम आदमी पार्टी ने आज उत्तर प्रदेश में अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी तथा राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आज चार प्रत्याशियों का नाम जारी किया।
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से आज अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सूची जारी की। इस सूची के मुताबिक इलाहाबाद से किन्नर अखाड़ा की भवानी मां, आजमगढ़ लालगंज से अजीत सोनकर, संभल से अंजू सैनी व कानपुर देहात से आशुतोष ब्रह्मचारी को प्रत्याशी बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2019: राजस्थान में कांग्रेस ने विस चुनाव हारे पांच नेताओं पर लोस में खेला दांव
किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर मां भवानी नाथ वाल्मीकि आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गईं। जिसके बाद आप ने मां भवानी को इलाहाबाद सीट से लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भवानी किन्नर अखाड़ा में उत्तर भारत की महामंडलेश्वर है। अखाड़ा की स्थापना में इनकी अहम भूमिका रही है।
भवानी को पार्टी में शामिल करने के बाद आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि जिस समाज की हर पार्टी ने उपेक्षा की। हम उनके साथ हैं। मैं इनके कार्यक्रम में भी गया था। यह सरकार तो एक बिल भी लाई थी जिसमें वो किन्नरों को भिखारी की केटेगरी में रखना चाहती थी। अब हम इलाहाबाद की लड़ाई जीतेंगे।
आप से जुड़कर लोकसभा चुनाव मैदान में उतरने वाली मां भवानी नाथ बाल्मीकि महामंडलेश्वर ने कहा कि मैं किसी को हराने नहीं आयी हूं। मैं जीतने आयी हूं। हमारा मुद्दा बेरोजगारी है। नोटबंदी है। जो वादे किए गए थे वो सब हैं।
इलाहाबाद संसदीय सीट से चुनाव लड़ने वाली भवानी दूसरी किन्नर हैं। इसके पहले 1984 के चुनाव में कटरा निवासी मोहम्मद जहूर नामक किन्नर ने चुनाव लड़ा था। जहूर कोएक हजार के लगभग वोट मिला था। उस चुनाव में अमिताभ बच्चन और हेमवती नंदन बहुगुणा भी प्रत्याशी थे।