Loksabha Election 2019 : एयर स्ट्राइक के बाद देश में खुशी थी और विपक्ष मातम माना रहा था : अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पाकिस्तान के आतंकी कैम्पों पर भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि गठबंधन की सरकार आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब नहीं दे सकती है।
मुरादाबाद, जेएनएन। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मुरादाबाद में सपा-बसपा के साथ कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने पाकिस्तान के आतंकी कैम्पों पर भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि गठबंधन की सरकार आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब नहीं दे सकती है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के भेजे हुए आतंकवादी हमारे जवान के सिर काट ले जाते थे लेकिन, तब कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के कान पर जू तक नहीं रेंगती थी। जनता ने देख लिया कि अब ऐसा नहीं हो सकता, क्योंकि देश मे मौनी बाबा मनमोहन सिंह की सारकार नहीं बल्कि मोदी जी के नेतृत्व में सक्षम सरकार है, जो देश के सम्मान की हिफाजत करना जानती है।
उन्होंने कहा कि उरी हमले के बाद हमने 15 दिन के अंदर पाकिस्तान में बैठे आतंक के आकाओं को मुंहतोड़ जवाब दे दिया। राहुल बाबा कहते हैं कि हम जवानों के खून की दलाली करते हैं। अरे शर्म करो राहुल बाबा तुम्हें जवानों की शहादत का मोल नहीं पता।
उन्होंने जनता से कहा कि दिल्ली की सरकार में मोदी जी आपके भेजे हुए हैं। उन्होंने सीमा पर जवान खड़े किये, तोपें लगाईं। ये मोदी जी हैं जिन्होंने हवा से घुस कर एयर स्ट्राइक कर दी। इससे पहले दो ही देश थे जो अपने जवानों की शहादत का बदला लेते थे। अब मोदी जी ने उस सूची में हमारे भारत का नाम भी जोड़ दिया।
शाह ने कहा कि एयर स्ट्राइक से पूरा पाकिस्तान सदमे में है। वहां की मीडिया सदमे है। यहां बुआ भतीजे भी सदमे में हैं। उन्हें ऐसा सदमा लगा है जैसे उनका कोई चचेरा भैया मर गया हो। पूरा देश शौर्य मना रहा था तो वे मातम मना रहे थे। वे सब पूछते हैं कि एयर स्ट्राइक का प्रूफ कहां है। अरे, पाकिस्तानी टीवी खोल लो, पूरा आकलन मिल जाएगा। हम तो जवानों को कंधे पर बिठा कर घूमते हैं। आतंकवाद को जवाब मोदी जी के अलावा कोई दे सकता है क्या।
मुरादाबाद के रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गठबंधन को नीति और नेतृत्वविहीन बताया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 30 साल तक आप उनको बिरयानी खिलाते रहे। अब वह समय समाप्त हो गया। देश को ऐसा प्रधानमंत्री चाहिए जिसके शपथ लेते ही दुश्मन के दिल मे कंपकंपी बढ़ जाये। यह काम मोदी जी ही कर सकते हैं। कश्मीर के अंदर पहली बार मोदी जी ने सबक सिखाया।
उन्होंने कहा कि आज मुरादाबाद से चुनाव अभियान शुरू हो रहा है। गठबंधन की पराजय की शुरुआत भी मुरादाबाद से ही शरू होगी। अगले पांच साल किसकी सरकार होगी इसके लिये चुनाव हो रहा है। जनता ने मन बना लिया है कि मोदी जी के नेतृत्व में फिर से सक्षम सरकार बनानी है।
शाह ने कहा कि मैं यहां गठबंधन वालों से सवाल पूछने चाहता हूं। वे बताएं कि उनका प्रधानमंत्री पद का दावेदार कौन है। उनका गठबंधन ऐसा है जिसमें न नेता है न नीति। यह नेतृत्व विहीन है। उन्होंने कहा कि जनता ने सपा-बसपा का राज भी देखा था। तब हर जगह गुंडो से पुलिस लड़ा करती थी। जनता के साथ पुलिस पर भी हमले होते थे लेकिन, भाजपा के शासन में स्थिति बदल गई है। भाजपा ने यूपी में कानून का राज स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि पहले पश्चिम उत्तर प्रदेश में लोग गुंडों के भय से पलायन करते थे, मां बेटियों की इज्जत नहीं थी। हमारी सरकार बने यहां दो साल हुए हैं लेकिन, किसी की हिम्मत नहीं जो मां बेटी पर आंख उठा कर देख सके। पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश से गुंडई रोकने का काम बीजेपी ने किया। समाजवादी पार्टी के गुंडे यहां लोगों की जमीन हड़पते थे। पहले यहां दंगे होते थे, हमारी सरकार में किसी की हिम्मत नही जो दंगे करे।