Lok Sabha Election: 'भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर मतदान में डाला व्यवधान', सपा ने चुनाव अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
सपा ने पहले चरण के मतदान में भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग कर मतदान में व्यवधान डालने के आरोप लगाए हैं। मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि कुछ अधिकारियों ने भाजपा के एजेंट और कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। कहीं ईवीएम खराब हुईं तो कहीं वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद लोगों को मतदान नहीं करने दिया गया।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। सपा ने पहले चरण के मतदान में भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग कर मतदान में व्यवधान डालने के आरोप लगाए हैं। मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि कुछ अधिकारियों ने भाजपा के एजेंट और कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। कहीं ईवीएम खराब हुईं तो कहीं वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद लोगों को मतदान नहीं करने दिया गया।
पुलिस ने मतदाताओं को डराने-धमकाने का काम किया- सपा
कई जगह पुलिस ने मतदाताओं को डराने-धमकाने का काम किया है। पुलिस के संरक्षण में दबंगों ने फर्जी वोट डलवाने का काम किया है। खासकर वर्ग विशेष के मतदाताओं के साथ अमर्यादित व आपत्तिजनक व्यवहार किया गया है।
राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि कैराना, पीलीभीत, सहारनपुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर व रामपुर आदि लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा और उसके दबंगों ने जमकर धांधली की है। इसकी शिकायतें भी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों से की हैं। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा
उन्होंने यह भी कहा कि वैसे जनता ने स्वयं तय कर लिया है कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जाएगी और नफरत का एजेंडा को नहीं चलने दिया जाएगा। जनता ने भाजपा के कुशासन के प्रति अपना आक्रोश प्रदर्शित करते हुए सपा व गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है। भाजपा की झूठ और लूट से जनता दुखी और क्षुब्ध है।