Lok Sabha Election 2024: जब कांग्रेस की हार के बाद भी इंदिरा को देखने उमड़ी भीड़, पहनाई गई थी 21 हजार रुपये बैंक ड्राफ्ट की माला
Lok Sabha Election 2024 1977 में कांग्रेस की हार के बाद भी इंदिरा गांधी को देखने हजारों की भीड़ जुटी। इंदिरा गांधी वाराणसी से खुली जीप में दुद्धी तक गई थीं। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया था। वाराणसी से दुद्धी जाते समय इंदिरा गांधी आधे घंटे तक अदलहाट बाजार में रुकी थीं। उन्होंने खुली जीप से ही लोगों को संबोधित किया था।
जागरण, जमालपुर (मीरजापुर)। आपातकाल की समाप्ति के बाद 1977 में हुए आम चुनाव में कांग्रेस की पराजय हुई थी। हालांकि वाराणसी से दुद्धी जाते समय 1978 में अदलहाट बाजार में इंदिरा गांधी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया था। इंदिरा गांधी के आगमन की याद साझा करते हुए उस दौर के छेदीलाल गुप्ता बताते हैं कि वह वाराणसी से खुली जीप में अदलहाट से होते हुए दुद्धी गई थीं।
यह भी पढ़ें: दूसरे चरण में ये हैं दागी प्रत्याशी; घरेलू हिंसा-दुष्कर्म समेत कई मामलों में आरोपी; किस पर दर्ज हैं सबसे अधिक केस?
कार्यकर्ताओं ने किया था जोरदार स्वागत
जमालपुर के ढेबरा गांव निवासी रमाशंकर सिंह जीप चला रहे थे। इंदिरा गांधी के साथ ओंकारनाथ उपाध्याय जीप में सवार थे। सुबह करीब 11:30 बजे अदलहाट बाजार में उनका काफिला पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सीताराम गुप्ता के नेतृत्व में इंदिरा गांधी को 21 हजार रुपये के बैंक ड्राफ्ट की माला पहनाई।
इंदिरा गांधी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए जीप से ही संबोधित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए लोगों से पुनः समर्थन मांगा। उस समय कांग्रेस के राममूर्ति पांडेय, शिवअधार सिंह, बासदेव मिश्रा, रामआधार लाल, बच्चा दुबे, मस्तराम दुबे, गोपाल सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हजारों की संख्या में जुटे थे लोग
इंदिरा गांधी के आने की जानकारी होने पर हजारों की संख्या में लोग अदलहाट बाजार में उनकी एक झलक पाने को उमड़ पड़े थे। छेदीलाल बताते हैं कि आधे घंटे रुकने के बाद इंदिरा गांधी आगे अहरौरा पहुंचीं। मनउर निवासी गोपाल सिंह बताते हैं कि इंदिरा गांधी को दुद्धी ले जाने के लिए ढेबरा निवासी कांग्रेस नेता रमाशंकर सिंह ने अपनी जीप को वाराणसी ले जाकर क्रीम कलर में पेंट कराया था।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की इन 22 सीटों पर कभी नहीं जीती सपा, इस चुनाव में भी है अग्निपरीक्षा